सतना में पुलिस स्टिकर लगी कार से 2.87 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सतना में पुलिस स्टिकर लगी कार से 2.87 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
सतना। मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सतना आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की संयुक्त टीम ने पुलिस का स्टिकर लगी एक कार से करीब 2.87 लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी वृत्त सतना सर्किल-1 के प्रभारी नीलेश गुप्ता और सर्किल-2 के प्रभारी राकेश अवधिया के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सतना-पन्ना मार्ग पर बगहा मोड़ के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एमपी-19-सीबी-4296 नंबर की पुलिस स्टिकर लगी कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिक्की से अलग-अलग ब्रांड की करीब 15 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने शराब और कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ सिंह गहरवार उर्फ धनराज, निवासी भरहुत नगर, और विशाल शुक्ला, निवासी सिद्धार्थ नगर, के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब रीवा से लाकर नागौद ले जाई जा रही थी। हालांकि आबकारी विभाग पूरे नेटवर्क की जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई और इसकी अंतिम डिलीवरी कहां होनी थी।
Anubhav Dubey 
