सतना: बंद कमरे में पति-पत्नी का शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के तिवनी गांव में पति-पत्नी का शव बंद कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
सतना। जिले के तिवनी गांव में एक दंपति का शव उनके ही घर के अंदर बंद कमरे में मिला। पूरा मामला रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र का है। जहां, पति-पत्नी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, 45 साल के किसान रामनिवास कोरी की लाश फंदे पर लटकी मिली। जबकि उनकी 43 साल की पत्नी शकुंतला का शव बिस्तर पर पड़ा था। शुरुआती जांच में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
बुधवार सुबह 9 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिस कमरे से दोनों पति-पत्नी के शव बरामद किए गए, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे में न तो खून मिला है और न ही मृतका के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया में पुलिस आशंका जता रही है कि पति ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी।

एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्यों की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम मौके से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित कर रही है। वहीं, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Varsha Shrivastava 
