Ujjain News : बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे क्रिकेटर तिलक वर्मा और कुलदीप यादव, भस्म आरती में हुए शामिल

Ujjain News : क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा और व्यस्त दिनचर्या के बीच तिलक वर्मा और कुलदीप यादव ने बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर आध्यात्मिक आस्था व्यक्त की।

Ujjain News : बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे क्रिकेटर तिलक वर्मा और कुलदीप यादव, भस्म आरती में हुए शामिल

Ujjain News : उज्जैन। क्रिकेट के मैदान पर अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और कुलदीप यादव सोमवार सुबह धर्मनगरी उज्जैन पहुंचे। यहां दोनों खिलाड़ियों ने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम के बीच बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर दोनों ने देश और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामना की।

बाबा की भस्म आरती में हुए शामिल 

विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह भारतीय क्रिकेटरों की मौजूदगी देखने को मिली। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी तिलक वर्मा और कुलदीप यादव तड़के करीब 4 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ भस्म आरती में भाग लिया और भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दोनों खिलाड़ी नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन करते रहे। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर भगवान महाकाल को नमन किया और शिव आराधना में लीन नजर आए। मंदिर में गूंजते मंत्रों, शंखनाद और बाबा महाकाल की आरती के बीच दोनों खिलाड़ियों ने आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।

भस्म आरती के बाद दोनों क्रिकेटरों ने मंदिर की देहरी से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर पूजा-अर्चना भी की गई। महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान दोनों खिलाड़ियों की आस्था और श्रद्धा देखने को मिली।

क्रिकेट और महाकाल की नगरी का कनेक्शन

गौरतलब है कि इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और बैटिंग कोच सितांशु कोटक भी बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे थे। इसके बाद भारतीय टीम ने इस मुकाबले में वेस्टइंडीज को 14 रनों से हराकर जीत दर्ज की थी।

अब तिलक वर्मा और कुलदीप यादव के महाकाल दर्शन के साथ एक बार फिर क्रिकेट और आस्था का संगम देखने को मिला। उज्जैन स्थित बाबा महाकाल का दरबार देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों और खिलाड़ियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां आने वाले श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन कर सुख, समृद्धि और सफलता की कामना करते हैं।