चित्रकूट में पेड़ के नीचे मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
युवक की हत्या कर पेड़ के नीचे फेंकी लाश, मृतक की नहीं हो पाई पहचान, जांच में जुटी चित्रकूट पुलिस
सतना। धार्मिक नगरी चित्रकूट में हनुमान धारा के पास मुख्य सड़क से तकरीबन 40 मीटर अंदर पेड़ के नीचे युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामला संदिग्ध नजर आने पर जिला मुख्यालय से FSL की टीम को जांच के लिए बुलाया गया।
बताया जा रहा है कि कहीं और हत्या करने के पश्चात मृतक का शव पेड़ के नीचे फेंका गया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक की पहचान के लिए चित्रकूट पुलिस के द्वारा जिले की थाना पुलिस के अलावा यूपी के कर्वी, बांदा, प्रयागराज की पुलिस से सम्पर्क कर रही है।
तीन से चार दिन पुराना है शव
चित्रकूट थाना प्रभारी गिरजा शंकर वाजपेयी ने बताया कि सोमवार को ग्रामीण अपने खेत जा रहे थे, तब उनकी नजर वनदेवी हनुमानधारा में मुख्य सड़क से तकरीबन 40 मीटर अंदर पेड़ के नीचे युवक की लाश पड़ी हुई देखी।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर जाकर जांच- पड़ताल शुरू की गई। मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई लेकिन उसके पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिले। शव तकरीबन 3 से 4 दिन पुराना है। शव का अधिकांश हिस्सा खराब हो चुका है।
कहीं और हुई है अज्ञात की हत्या
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रविवार को पेड़ के नीचे कोई भी नहीं था, सोमवार को युवक का शव पड़ा हुआ दिखा। ऐसे में जाहिर है कि युवक का शव रविवार की रात कहीं और से लाकर हनुमानधारा मार्ग में सड़क से दूर पेड़ के नीचे फेंका गया। पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कहीं और की गई, जब शव खराब होने लगा तो आरोपियों ने देर रात शव लाकर हनुमानधारा के पास फेंक दिया।
फोरेंसिक टीम ने की जांच
जिला मुख्यालय से फोरेंसिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह एफएसएल टीम के साथ मौके पर जांच करने पहुंचे। शव को देखकर बताया कि यह तकरीबन तीन से चार दिन पुराना है। शव में कीड़े पड़ चुके थे। चेहरा पहचान में नही आ रहा। शव मिलने की जगह पर मृतक के जूते- चप्पल भी नहीं मिले हैं। मृतक के शरीर में चोट के बाहरी निशान भी नजर नहीं आए हैं।
घटना स्थल की जांच और शव का बाहरी परीक्षण करने के बाद फोरेंसिक अधिकारी ने आशंका जताई कि किसी अन्य स्थान पर युवक की हत्या गला घोंटकर की गई फिर शव को छिपा कर रखा गया। जब शव खराब होने लगा तो उसे किसी वाहन के जरिए लाकर हनुमानधारा के पास लाकर फेंक दिया गया।
चित्रकूट पुलिस ने बताया कि शव को सतना जिला अस्पताल की मरचुरी भेजा गया है, जहां मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
