अमेरिका की ईरान पर एयरस्ट्राइक: 140 ठिकानों को बनाया निशाना, तेहरान ने दी जवाबी कार्रवाई की धमकी
ईरान-अमेरिका तनाव चरम पर: अमेरिका ने ईरान के 5 शहरों पर एयरस्ट्राइक की, हमलों के बाद होर्मुज बंद रखने की चेतावनी, खाड़ी देशों में हाई अलर्ट
मिडल ईस्ट में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने शनिवार देर रात ईरान के 5 शहरों पर एयरस्ट्राइक करने का दावा किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, न्यूक्लियर सिटी बुशहर, असालुयेह, बंदर-ए-देयर, जास्क और चाबहार स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने इन इलाकों में विस्फोटों की पुष्टि की है। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर हुए हमले के जवाब में की गई, जिसमें जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य लापता हो गया।
ईरान ने दी जवाबी हमले की चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के सलाहकार अली सफारी ने कहा कि अमेरिका को इस कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। ईरान ने यह भी दोहराया कि जब तक क्षेत्र में अमेरिकी दखल जारी रहेगा, तब तक होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा। तेहरान का कहना है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और क्षेत्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
खाड़ी देशों में बढ़ा अलर्ट
ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि अमेरिका की एयरस्ट्राइक के बाद कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले किए गए हैं। वहीं कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों की चेतावनी के बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
समाचार एजेंसी के अनुसार, कतर में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और मिसाइल अलर्ट जारी किया गया। बहरीन में भी सायरन बजाए गए, जहां अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है। हालांकि UAE में किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटनाक्रम के बाद पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Varsha Shrivastava 
