विदिशा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 13 आरोपी गिरफ्तार, अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़
विदिशा पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 92 ग्राम ब्राउन शुगर, महंगी गाड़ियां और 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई है।
विदिशा पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट को पकड़ा है, जिसमें 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 92 ग्राम ब्राउन शुगर, स्विफ्ट डिजायर, अर्टिगा और मर्सिडीज जैसी महंगी गाड़ियां जब्त की गई हैं। जब्त किए गए मशरूका की कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

यह ड्रग सिंडिकेट राजस्थान से संचालित किया जा रहा था, जिसका मास्टरमाइंड किंगपिन सहित पूरा नेटवर्क अब पुलिस की गिरफ्त में है।पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह चार स्तरों में संगठित रूप से कार्य कर रहा था, जिसमें किंगपिन मुख्य सप्लायर और राजस्थान का मुकेश तंवर मुख्य स्रोत था, जो ब्राउन शुगर की थोक सप्लाई करता था।

इस चैन में विदिशा का रहने वाला अनुज उर्फ अन्नू साहू, रायसेन जिले का रवि छीपा और गंजबासौदा के कुछ और लोग भी शामिल थे। आरोपी ड्रग सप्लाई के लिए कॉन्टैक्टलेस डिलीवरी और डिजिटल ट्रांजैक्शन का प्रयोग करते थे ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सके। पैसा मिलने के बाद कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए ग्राहक की पुष्टि की जाती थी। डिलीवरी से पहले माल पहुंचाने वाला रैंडम लोकेशन पर ग्राहक की जांच करता था।

ब्राउन शुगर छोटे टुकड़ों में बांटी जाती थी, जिसे कोड भाषा में “पॉइंट” या “टिकट” कहा जाता था। आरोपियों द्वारा ड्रग बेचकर कमाए गए पैसे जिन बैंक खातों में रखे गए हैं, उन खातों को पुलिस द्वारा फ्रीज किया गया है।


