अर्पिता से शादी की बात सुनकर परिवार हैरान, पिता ने कहा – “सलमान की बहन तुम्हारे साथ क्या कर रही है?”
आयुष शर्मा ने बताया कि उनकी और अर्पिता खान की दोस्ती प्यार में बदलकर शादी तक पहुंची। जब उन्होंने अपने परिवार को इस रिश्ते के बारे में बताया, तो उनके माता-पिता हैरान रह गए।
आयुष शर्मा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी जिंदगी से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं और बताया कि कैसे उनकी और अर्पिता खान की लव स्टोरी दोस्ती से शुरू होकर शादी तक पहुंची। शुरुआत में दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त थे, लेकिन समय के साथ उनकी दोस्ती गहरी हो गई ।

सलमान खान से पहली मुलाकात
आयुष ने बताया कि सलमान खान से उनकी पहली मुलाकात ने उनकी जिंदगी बदल दी। जब सलमान खान को दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला, तो उन्होंने सीधे उनके भविष्य को लेकर सवाल किया। इस पर अर्पिता ने कहा कि वे एक साल के अंदर शादी करने के बारे में सोच रहे हैं। आयुष के अनुसार, उस समय वह खुद भी यह सुनकर हैरान रह गए थे। उन्होंने बताया कि जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अर्पिता से शादी करेंगे, तो उन्होंने तुरंत “हां” कह दिया। हालांकि, इसके बाद उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह अपने माता-पिता को इस बारे में कैसे बताएंगे।

कैसा था आयुष के माता-पिता का रिएक्शन
आयुष शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने अपने परिवार को अर्पिता के बारे में बताया, तो घर वाले हैरान रह गए। सबसे पहले उन्होंने अपनी मां को इस बारे में बताया, तो वह भी चौंक गईं। इसके बाद जब उन्होंने अपने पिता को बताया कि अर्पिता उनकी गर्लफ्रेंड हैं, तो उनके पिता ने कहा, “सलमान खान की बहन तुम्हारे साथ क्या कर रही है?” जब आयुष ने बताया कि वे दोनों शादी करने वाले हैं, तो यह सुनकर उनके माता-पिता और भी ज्यादा हैरान हो गए।

पिता को थी इस बात की चिंता
आयुष ने यह भी बताया कि उनके पिता को इस फैसले को स्वीकार करने में थोड़ा समय लगा। वह इस बात से चिंतित थे कि उनका बेटा पढ़ाई छोड़कर शादी और एक्टिंग की ओर बढ़ रहा है। साथ ही, उन्हें यह भी लगा कि शायद आयुष ने अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में पूरी सच्चाई नहीं बताई होगी। इसलिए वह खुद अर्पिता के परिवार से मिलकर सारी बातें साफ करना चाहते थे।

दोनों परिवारों की मुलाकात
उन्होंने यह भी बताया जब दोनों परिवारों की मुलाकात हुई तो उनके पिता ने अर्पिता के घर वालो से खुल के बात की और खान परिवार को यह भी बताया की उनका बेटा ज्यादा कमाता नहीं है और परिवार ही उनका सहारा है। पर खान परिवार को आयुष पर भरोसा था और उन्होंने रिश्ते के लिए हां कर दी ।

