जमीन विवाद में महिला की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, पति गंभीर घायल
मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के खारा गांव में जमीन विवाद के दौरान महिला की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पति गंभीर रूप से घायल है और आरोपी की तलाश जारी है।
सतना/मैहर। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के खारा गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान 47 वर्षीय महिला अठमनिया साकेत की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं, महिला के पति सुदर्शन साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, खारा गांव निवासी 50 वर्षीय सुदर्शन साकेत का अपने पड़ोसी महिपाल साकेत से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को सुदर्शन अपनी पत्नी अठमनिया साकेत के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान महिपाल साकेत, उसकी पत्नी सुभद्रा साकेत और उसके दो बेटे वहां पहुंचे। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
लाठी-डंडे और हंसिया से हुई मारपीट
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और हंसिया से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान सुदर्शन को गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर मौत
मारपीट के बीच महिपाल के एक बेटे ने पास खड़ा ट्रैक्टर स्टार्ट किया और अठमनिया साकेत को ट्रैक्टर से कुचल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह और एफएसएल टीम के मुकेश यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर लेकर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Anubhav Dubey 
