Islamabad Hospital Fire : इस्लामाबाद हॉस्पिटल अग्निकांड में 15 नवजात की मौत, AC कंप्रेसर में ब्लास्ट से हादसा

Islamabad Hospital Fire : रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि, नर्सरी के अंदर एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट हुआ। इसके बाद आग लग गई और तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई।

Islamabad Hospital Fire : इस्लामाबाद हॉस्पिटल अग्निकांड में 15 नवजात की मौत, AC कंप्रेसर में ब्लास्ट से हादसा

Islamabad Hospital Fire : पाकिस्तान। राजधानी इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी PIMS अस्पताल में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ। अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में आग लग गई। हादसे में 15 नवजात बच्चों की मौत की खबर है। घटना के समय नर्सरी में 16 बच्चे मौजूद थे। इनमें से केवल एक बच्चे को बचाया जा सका। स्थानीय रिपोर्टों और अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 7 बजे लगी थी।

AC कंप्रेसर में विस्फोट से आग

रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, नर्सरी के अंदर एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग भड़की। इसके बाद लपटें तेजी से वार्ड में फैल गईं। हालांकि, शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई थी। इसलिए आग की सही वजह अभी जांच का विषय है। दमकल और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के बाद अस्पताल में कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया।

जांच के लिए कमेटी गठित होगी

इस घटना की जांच के लिए जिला प्रशासन ने कमेटी बनाने का फैसला किया है। कमेटी की अध्यक्षता अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर करेंगे। जांच में आग लगने की वजह और हादसे के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कमियों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

PIMS है इस्लामाबाद का बड़ा अस्पताल

PIMS इस्लामाबाद का प्रमुख सरकारी अस्पताल है। यह करीब 140 एकड़ में फैला है और यहां लगभग 1,300 बेड हैं। अस्पताल परिसर में इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर जैसे संस्थान शामिल हैं। यहां अलग-अलग बीमारियों के इलाज की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

नवजातों की सुरक्षा पर उठे सवाल

PIMS के चिल्ड्रन्स अस्पताल में नवजातों के इलाज और NICU की सुविधा है। मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के लिए अलग व्यवस्थाएं हैं। नर्सरी में हुई इस घटना के बाद अस्पताल की फायर सेफ्टी, बिजली व्यवस्था और आपातकालीन बचाव इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। घटना की जांच से इन व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति भी सामने आने की उम्मीद है।