दिव्यांगों की मदद,मोबाइल क्लीनिक और फ्री कोचिंग,जन्मदिन पर शिवराज सिंह चौहान की नई पहल
शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर दिव्यांगजन, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए कई समाजसेवी संकल्प लिए।
भोपाल: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन के अवसर पर समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई संकल्प लिए। उन्होंने कहा कि हर जन्मदिन के साथ जीवन कम होता जाता है, इसलिए जीवन को सेवा और प्रेम के मार्ग पर लगाना जरूरी है। उन्होंने “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को समाज में मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि केवल प्रेम से काम नहीं चलता, उसके साथ सेवा भी जरूरी है।
दिव्यांगजन के लिए बैटरी गाड़ियों की योजना
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिन पर संकल्प लिया है कि दिव्यांग भाई-बहनों का जीवन आसान बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके तहत बैटरी से चलने वाली ऐसी गाड़ियां उपलब्ध कराने की योजना है, जिनमें पीछे सामान रखने की भी व्यवस्था होगी, ताकि दिव्यांगजन अपने काम आसानी से कर सकें।
मोबाइल क्लीनिक से बेहतर चिकित्सा सुविधा
उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है। इसके लिए मोबाइल क्लीनिक जैसी व्यवस्था शुरू करने का विचार है, जिसमें डॉक्टर, दवाइयां और जरूरी जांच की सुविधाएं लोगों तक सीधे पहुंच सकें।
बच्चों को निशुल्क कोचिंग और प्रोत्साहन
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निशुल्क कोचिंग क्लास की व्यवस्था करने का संकल्प लिया गया है, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई में मदद मिल सके। साथ ही प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा और लैपटॉप जैसी सुविधाएं देकर उनके भविष्य को मजबूत बनाया जाएगा।
जन्मदिन पर पेड़ लगाने की अपील
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से बड़ी सेवा कोई नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें जन्मदिन पर श्रीफल या अन्य उपहार देने के बजाय एक पौधा लगाएं और उसकी फोटो साझा करें। इससे प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जाएगा और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
sanjay patidar 
