UP के मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा; 11 की मौत, 9 लोग जिंदा जले

यूपी के मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 11 की मौत 9 जिंदा जले, बोलेरो और कार ट्रक-ट्राले से टकराईं बोलेरो में आग लगी

UP के मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा; 11 की मौत, 9 लोग जिंदा जले

यूपी के मिर्जापुर में बुधवार रात सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें बोलेरो सवार 9 लोग जिंदा जल गए। हादसा रात 9.30 बजे मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर हुआ। यहां एक ट्रक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो और कार को टक्कर मार दी। दोनों गाड़ियां आगे चल रहे ट्राले से जा टकराईं। रफ्तार तेज होने की वजह से टक्कर के बाद बोलेरो उछलकर अलग हो गई। तेज धमाके के साथ उसमें आग लग गई। जबकि, कार ट्रक और ट्रॉले के बीच फंस गई।

हादसे में बोलेरो ड्राइवर और उसमें सवार एक ही परिवार के 8 लोग जिंदा जल गए। इनके अलावा कार के ड्राइवर और ट्रक के क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ।

एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया-

बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना के नरैना गांव (मिर्जापुर) के रहने वाले थे। परिवार मैहर से बेटे का मुंडन कराकर लौट रहा था। हादसे में 8 साल के बच्चे और उसकी मां की भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया।

मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात साढ़े 9 बजे बड़का मोड़ से एक ट्राला गिट्टी लादकर जा रहा था। अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। इसी बीच ट्राले के पीछे चल रही एक बोलेरो भी ढलान से नीचे उतर रही थी। तभी बेकाबू ट्राला स्विफ्ट कार को रौंदते हुए एक ट्रक से टकरा गया। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ट्राले से जा भिड़ी।

मिर्जापुर सांसद अनुप्रिया पटेल ने हादसे पर दुख जताया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। आग लगने से बोलेरो में सवार सभी यात्री अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तेजी से बचाव कार्य में जुट गए। लेकिन, तेज आग के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ लालगंज अमर बहादुर और लालगंज और हलिया थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।