भोपाल एयरपोर्ट पर डेढ़ करोड़ की ज्वेलरी गायब, महिला यात्री ने दर्ज कराई शिकायत
भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर अमेरिका से आई महिला यात्री की डेढ़ करोड़ की ज्वेलरी चेक-इन बैग से गायब होने की शिकायत पर जांच जारी है, हालांकि अब तक चोरी के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
भोपाल:राजधानी के राजाभोज एयरपोर्ट पर डेढ़ करोड़ रुपये की ज्वेलरी गायब होने का मामला सामने आया है। अमेरिका से भोपाल पहुंची महिला यात्री शालिनी बाफना ने हीरे की चेन, अंगूठी समेत अन्य कीमती गहनों के गायब होने की शिकायत की है। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।
CISF जांच में नहीं मिले चोरी के सबूत
महिला का कहना है कि ज्वेलरी उसने चेक-इन बैग में रखी थी। इस संबंध में उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो एयरलाइंस को ईमेल के जरिए सूचना दी। मामले की जांच के दौरान CISF ने सीसीटीवी फुटेज और बैगेज स्कैनिंग रिपोर्ट खंगाली, लेकिन किसी संदिग्ध गतिविधि या ज्वेलरी के पैकेट के सबूत नहीं मिले।
एयरपोर्ट प्रशासन: प्रारंभिक जांच में कोई गड़बड़ी नहीं
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार शुरुआती जांच में चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल एयरलाइन और शिकायतकर्ता के बीच संपर्क बना हुआ है और मामला जांच के दायरे में है। शालिनी को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया गया है कि फुटेज और स्कैनिंग रिपोर्ट में ज्वैलरी के गायब होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।इस पूरे मामले की जानकारी संबंधित एयरलाइन इंडिगो को भी दी है।
sanjay patidar 
