UPSC 2025 रिजल्ट: MP के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, भोपाल के ईशान भटनागर ने हासिल की ऑल इंडिया 5वीं रैंक
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में मध्यप्रदेश के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। भोपाल के ईशान भटनागर (AIR-5), धार के प्राक्षल सेकेट्री (AIR-8) और अशोकनगर के चितवन जैन (AIR-17) टॉप-20 में शामिल रहे।
भोपाल:संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम 6 मार्च शुक्रवार को घोषित हो चुके हैं।और इस बार मध्यप्रदेश के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। भोपाल से लेकर धार, अशोकनगर और शिवपुरी, सतना,गुना तक के कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। इन सभी युवाओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि से प्रदेश के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है। बता दें कि UPSC सिविल सर्विस 2025 प्रीलिम्स परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद मेन्स एग्जाम 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक आयोजित किया गया। चयनित उम्मीदवारों के लिए पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू, 27 फरवरी 2026 को खत्म हुए थे।

भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया रैंक 5 प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल, भोपाल से पूरी की थी। 12वीं कक्षा में उन्होंने 96.2 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उनके पिता राज्य सरकार में सलाहकार हैं, जबकि उनकी मां विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

धार जिले के बाग कस्बे के निवासी प्राक्षल सेकेट्री ने भी शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 8 प्राप्त की है। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले पक्षल के पिता नीलेश जैन बाग में कपड़े का व्यवसाय करते हैं और उनकी मां दीप्ति जैन गृहिणी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अशोकनगर के चितवन जैन ने भी अपने दूसरे ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 17 हासिल कर टॉप-20 में जगह बनाई है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा अशोकनगर और भोपाल में हुई थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम की पढ़ाई की। उनके पिता मनीष जैन व्यवसायी हैं।

गुना में एसडीओ फॉरेस्ट के पद पर कार्यरत आईएफएस अधिकारी नीरज निश्चल ने भी 241वीं रैंक प्राप्त की है। वर्ष 2022 में यूपीएससी के लिए चुने गए थे और वर्तमान में भारतीय वन सेवा के अधिकारी के रुप में सेवाएं दे रहे थे। और अब इस सफलता के साथ वे आईएएस अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगे।

शिवपुरी जिले के कृष्णा गोयल ने भी सिविल सेवा परीक्षा में 300वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनके पिता मनीष गोयल भारत विकास परिषद शिवपुरी शाखा से जुड़े हुए हैं। कृष्णा की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवाओं को प्रेरणा मिल रही है।

शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र के महेश कुमार धाकड़ ने 494वीं रैंक हासिल की है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले महेश की सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

शिवपुरी के ही दीपक कोरकू ने 563वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी सफलता पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है।

शिवपुरी में कोलारस क्षेत्र के ही उज्जवल जैन ने 797वीं रैंक हासिल की है। वे सम्नति बल्ले जैन के पुत्र हैं और उनकी उपलब्धि से जिले में उत्साह का माहौल है।

इसके अलावा सतना जिले के नागौद क्षेत्र के ग्राम परसवारा के निवासी यशवर्धन सिंह ने भी यूपीएससी परीक्षा पास करते हुए 212वीं रैंक हासिल की है। उनके पिता नरेन्द्र सिंह परिहार और माता संगीता सिंह हैं।

खंडवा की रूपल जायसवाल ने यूपीएससी परीक्षा 2025 के परिणाम में 43वीं रैंक हासिल की है। रूपल जायसवाल का कहना है कि वर्ष 2024 में यूपीएससी परीक्षा में 512 रैंक बनी थी लेकिन मेरा सपना IAS बनने का था. इसलिए एक निजी कंपनी की मुम्बई में जॉब छोड़कर फिर से अपने सपने को पूरा करने में लग गई. परिवार के सपोर्ट से आज सपना पूरा हुआ है. यूपीएसी 2025 में आल इंडिया 43वी रैंक प्राप्त कर उनका आईएएस बनने का सपना पूरा हो गया।
यह भी एमपी के टॉपर
एमपी के मऊगंज जिले के डगडौआ गांव की बेटी समीक्षा द्विवेदी ने UPSC के 56 वीं रैंक हासिल कर टॉप 100 में स्थान बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया। नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा की एसडीएम पूजा सोनी ने 249वीं रैंक हासिल की है। सतना की भूमिका जैन IRS ऑफिसर बनीं हैं। उन्होंने 331वीं रैंक हासिल की है। गुना की देवांगी मीणा ने भी 236वीं रैंक हासिल की और IRS ऑफिसर बनीं। सतना की भूमिका जैन ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 331वीं रैंक हासिल की जबकि पन्ना के अभिजीत जैन को 170 वी रैंक मिली।यूपीएससी में इंदौर के अक्षत बलद्वा ने 173वीं रैंक हासिल की। वे 100 फीसदी ब्लाइंड कैटेगरी से हैं। बैतूल की अंजनी मिश्रा ने भी UPSC क्लियर की है। उन्होंने 274 वीें रैंक प्राप्त की। निवाडी के पृथ्वीपुर की सौम्या जैन को UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में 346 वीं रैंक मिली। वे दूसरे प्रयास में चुनी गई।नरसिंहपुर जिले के करकबेल गांव की दीक्षा पाटकर ने 88वीं रैंक हासिल की है.उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है।ग्वालियर के मुरार क्षेत्र की सृष्टि गोयल ने 160वीं रैंक हासिल की। यह उनका पांचवां प्रयास था। उनके पिता सुनील गोयल का सोने-चांदी का व्यवसाय है।
sanjay patidar 
