भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित, 25 महिलाओं को किया गया सम्मानित
भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 महिलाएं सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में महिला अधिकार, न्याय और कार्यवाही विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 25 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया शामिल
कार्यक्रम में महिला अधिकार, न्याय और कानूनी कार्यवाही से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने महिलाओं से संबंधित कानूनी अधिकारों, न्यायिक प्रक्रियाओं और सहायता के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दी। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं के कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह भी दी और महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेंटल वेलबीइंग पर विशेष सत्र आयोजित
इस अवसर पर महिला शाखा के स्पेशल डीजी अनिल कुमार और सामुदायिक पुलिसिंग के डीआईजी विनीत कपूर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की भूमिका पर अपने विचार साझा किए और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सहायता के लिए पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेंटल वेलबीइंग पर भी एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें संतुलित जीवन, तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की गई। इसके साथ ही साइबर वेलबीइंग पर आयोजित सत्र में साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
घरेलू हिंसा, महिला कानूनों की जानकारी, बेस्ट प्रैक्टिस शेयरिंग विषयों पर चर्चा
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, महिला कानूनों की जानकारी और बेस्ट प्रैक्टिस शेयरिंग जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई, जिससे महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जागरूक किया जा सके।

इस कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा किया गया था, जिसमें स्काई सोशल संस्था और उदय सामाजिक विकास संस्था का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 25 महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
Varsha Shrivastava 
