अनाया बांगर का मारिजाने कैप पर पलटवार, बोलीं- ‘पहले खुद को एजुकेट करें’

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से महिला क्रिकेट खेलने की मंजूरी मिलने के बाद अनाया बांगर ने मारिजाने कैप के विरोध पर पलटवार किया है. जानिए WBBL और ICC के नियम क्या कहते हैं.

अनाया बांगर का मारिजाने कैप पर पलटवार, बोलीं- ‘पहले खुद को एजुकेट करें’

पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी और ट्रांसजेंडर क्रिकेटर अनाया बांगर इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट खेलने की अनुमति मिलने के बाद चर्चा में हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें महिला कम्युनिटी और प्रीमियर क्रिकेट में खेलने की मंजूरी दी है. हालांकि, दक्षिण अफ्रीका की स्टार महिला क्रिकेटर मारिजाने कैप ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे ‘बिल्कुल बेतुका’ बताया था. अब अनाया ने कैप के बयान पर पलटवार किया है.

मारिजाने कैप ने क्या कहा था?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मारिजाने कैप ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था कि यह फैसला ‘Absolutely ridiculous’ है और ऐसा नहीं होना चाहिए. कैप ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के महिला क्रिकेट में खेलने के खिलाफ हैं. उनका बयान सामने आने के बाद इस मुद्दे पर एक बार फिर महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर बहस तेज हो गई.

अनाया ने दिया करारा जवाब

मारिजाने कैप के बयान पर अनाया बांगर ने कहा कि जो लोग इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठा रहे हैं, उन्हें पहले इस विषय के बारे में खुद को शिक्षित करना चाहिए. अनाया के मुताबिक, उन्होंने यह स्पष्ट करने के लिए जरूरी जानकारी पहले ही साझा की है कि उन्हें कोई अनुचित फायदा नहीं है और वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तय गाइडलाइंस का पालन कर रही हैं.

अनाया ने कहा कि अगर किसी की व्यक्तिगत राय इस तरह की है तो उन्हें उम्मीद है कि वे इस विषय को बेहतर तरीके से समझने के लिए खुद को शिक्षित करेंगे.

WBBL खेलने का रास्ता कैसे खुलेगा?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया को फिलहाल महिला Community Cricket और Premier Cricket में खेलने की अनुमति दी है. इसके बाद उनका लक्ष्य एलीट क्रिकेट में वापसी करना है. अनाया की नजर Women's Big Bash League (WBBL) पर भी है.

हालांकि, WBBL में खेलने की मंजूरी अपने आप नहीं मिलेगी. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की पॉलिसी के तहत एलीट महिला क्रिकेट के लिए उन्हें तय पात्रता मानकों को पूरा करना होगा. इसमें सीरम टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम से कम 12 महीने तक 10 nmol/L से नीचे होना शामिल है.

अनाया ने कहा है कि उनका अगला कदम ऑस्ट्रेलिया जाकर क्लब क्रिकेट खेलना और अपने प्रदर्शन के दम पर खुद को साबित करना है। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करती हैं तो उनके लिए WBBL में चयन का रास्ता खुल सकता है।

ICC के नियम अलग हैं

यहां एक अहम बात यह भी है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC के नियम अलग हैं. ICC की 2023 में लागू की गई नीति के तहत पुरुष यौवन (male puberty) से गुजर चुकी ट्रांसजेंडर महिलाओं को इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में खेलने की अनुमति नहीं है. वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू क्रिकेट के लिए अपनी अलग पात्रता प्रक्रिया बनाई है.

इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से घरेलू क्रिकेट खेलने की मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि अनाया इंटरनेशनल महिला क्रिकेट भी खेल सकती हैं.

संजय बांगर की बेटी हैं अनाया

अनाया बांगर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच रहे संजय बांगर की बेटी हैं. वह मुंबई के एज-ग्रुप क्रिकेट में खेल चुकी हैं और सरफराज खान और मुशीर खान के साथ भी क्रिकेट खेल चुकी हैं.

ट्रांजिशन के बाद उन्होंने क्रिकेट से दूरी बना ली थी. अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मंजूरी के बाद वह एक बार फिर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की कोशिश कर रही हैं. अनाया का कहना है कि क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है और अब वह अपने प्रदर्शन के जरिए मैदान पर अपनी जगह बनाना चाहती हैं.