ICC का बांग्लादेश को अल्टीमेटम, कहा- चुपचाप से भारत में खेलो वरना…!

T20 World Cup 2026: बांग्लादेश अगर भारत नहीं आई तो टीम को अपने पॉइंट्स गंवाने पड़ सकते हैं. हालांकि BCB ने दावा किया है कि उन्हें अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.

ICC का बांग्लादेश को अल्टीमेटम, कहा- चुपचाप से भारत में खेलो वरना…!

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल  यानी ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को साफ-साफ कह दिया है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में उसे अपने सारे मैच भारत में ही खेलने होंगे. ऐसा ना करने पर टीम को अपने पॉइंट्स गंवाने पड़ सकते हैं. हालांकि, BCB का दावा है कि उन्हें ऐसा कोई अल्टीमेटम नहीं दिया गया है.

ESPN ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि मंगलवार, 6 जनवरी को एक वर्चुअल कॉल हुई, जिसमें ICC ने BCB को  साफ शब्दों में संदेश दिया कि बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया गया है. ICC ने कथित तौर पर BCB को चेतावनी दी है, कि बांग्लादेश की टीम को T20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत आना ही होगा. ऐसा न करने पर वो इस टूर्नामेंट में पॉइंट्स गंवा सकते हैं. BCCI, BCB या ICC की ओर से मंगलवार, 6 जनवरी की इस कॉल पर अभी तक कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है.

ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को निर्देश दिया कि वो बांग्लादेश के पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 के लिए अपनी टीम से रिलीज कर दें. मुस्तफिजुर को दिसंबर में हुए ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और वो इस बार ऑक्शन में चुने गए एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे.
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया को इसकी जानकारी दी, लेकिन वजह नहीं बताई गई. इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया. बांग्लादेश सरकार और BCB ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. BCB ने रविवार, 4 जनवरी को ICC को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि बांग्लादेश के मैच भारत के बाहर  खेले जाएं. बीसीबी का कहना था कि मौजूदा स्थिति में खिलाड़ियों की "सुरक्षा और भलाई" को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

2026 T20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा. 20 टीमों के इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश ग्रुप C में है. उनकी टीम के ग्रुप मैच इस प्रकार हैं

7 फरवरी: वेस्ट इंडीज के खिलाफ कोलकाता में  
9 फरवरी: इटली के खिलाफ कोलकाता में  
14 फरवरी: इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में  
17 फरवरी: नेपाल के खिलाफ मुंबई में

टूर्नामेंट शुरू होने में अब सिर्फ एक महीने का समय बचा है. अगर बांग्लादेश भारत नहीं आता तो ये बड़ा विवाद बन सकता है. क्रिकेट जगत में ये देखना दिलचस्प होगा कि दोनों बोर्ड और ICC इस स्थिति से कैसे निपटते हैं.