मऊगंज में दंपति पर जानलेवा हमला: धारदार हथियार और लाठी-डंडों से पीटा, दोनों अस्पताल में भर्ती
नईगढ़ी के बदौआ में में पुरानी रंजिश में दंपति पर प्राणघातक हमला, पति-पत्नी की हालत गंभीर; अस्पताल में चल रहा इलाज, सभी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। जिले के थाना नईगढ़ी अंतर्गत ग्राम बदौआ 663 में पुरानी रंजिश के चलते बुधवार की देर रात एक दंपति पर धारदार हथियार और लाठी-डंडे से प्राण घातक हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आरोपियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में घायल मुन्नीलाल पटेल पिता रामाधार पटेल उम्र 54 वर्ष और उनकी पत्नी गेदौआ पटेल उम्र 50 वर्ष निवासी बदौआ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के अनुसार आरोपी राजकुमार पटेल और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने देर रात पुराने विवाद को लेकर दंपति पर हमला कर दिया। गांव के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और गंभीर रूप से घायल दंपति को इमरजेंसी वाहन के सहयोग से देर रात करीब 12 बजे अस्पताल पहुंचाया।

वहीं इस मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज कर जांच में लिया है। लेकिन, पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमले में राजकुमार की पत्नी सहित परिवार के कई लोग शामिल थे, जबकि पुलिस ने रिपोर्ट में मात्र एक व्यक्ति का नाम दर्ज किया है। पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद कार्यवाही की मांग की है।

Varsha Shrivastava 
