दिल्ली में आधी रात को हटाया फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास का अतिक्रमण, उपद्रवियों के हमले में पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद और दरगाह के पास नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

दिल्ली में आधी रात को हटाया फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास का अतिक्रमण, उपद्रवियों के हमले में पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद और दरगाह के पास नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार देर रात शुरू किया गया। अदालत ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद एमसीडी ने लगभग 0.195 एकड़ जमीन पर बने अवैध निर्माण को गिराया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए न्यूनतम बल का इस्तेमाल किया और हालात पर जल्द काबू पा लिया। इस दौरान चार से पांच पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।

पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई थी। स्थानीय शांति समितियों के साथ भी समन्वय किया गया था। पुलिस का कहना है कि अब इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सीसीटीवी व अन्य फुटेज के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं मस्जिद की प्रबंधन समिति का कहना है कि यह संपत्ति सौ साल से अधिक पुरानी वक्फ की जमीन है और इसमें कोई अवैध निर्माण नहीं है। समिति ने एमसीडी की कार्रवाई के खिलाफ पहले ही उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।