18 मैच बाद ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की जीत, चौथे टेस्ट में 4 विकेट से हराया

ऑस्ट्रेलिया में 18 मैच बाद इंग्लैंड की जीत:एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में 4 विकेट से हराया, कंगारू टीम सीरीज में 3-1 से आगे

18 मैच बाद ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की जीत, चौथे टेस्ट में 4 विकेट से हराया

एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा दिया है. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में 18 टेस्ट मैचों से चला आ रहा जीत का इंतजार खत्म किया. इससे पहले इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट जीत 2011 में सिडनी (SCG) में मिली थी. इसके बाद खेले गए 18 टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 16 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे. इंग्लैंड का यह बिना जीत का दौर 2013-14 की एशेज सीरीज में 5-0 से हार के बाद शुरू हुआ था.

चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने 175 रन का टारगेट दिया था. जिसे इंग्लिश टीन ने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 132 रन पर आउट हो गई थी. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 152 रन पर सिमट गई थी, जबकि इंग्लैंड पहली पारी में 110 रन ही बना सका था. इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 42 रन की बढ़त मिली थी, लेकिन दूसरी पारी में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया. 

हेड ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रैविस हेड ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए. कप्तान स्टीव स्मिथ 24 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कैमरन ग्रीन ने 19 रन जोड़े. टीम के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए, जिनमें तीन खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए. इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कार्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए.

लंच तक गिर गए थे 6 विकेट 

दूसरे दिन लंच तक इंग्लैंड के गेंदबाजों ने महज 25 ओवर में ऑस्ट्रेलिया के 6 विकेट गिरा दिए थे। लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 98/6 था। लंच के समय क्रीज पर स्टीव स्मिथ 16 रन और कैमरन ग्रीन 6 रन बनाकर नाबाद थे।

एटकिंसन चोटिल, मैदान से बाहर गए


बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। दूसरे दिन पहले सेशन के दौरान उनके बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। दूसरे दिन सुबह एटकिंसन ने नाइटवॉचमैन स्कॉट बोलैंड का विकेट लिया, लेकिन अपने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद डालते समय उन्हें परेशानी महसूस हुई। गेंद डालने के बाद उन्होंने तुरंत अपनी बाईं जांघ पकड़ ली और इलाज के लिए ड्रेसिंग रूम चले गए।

उनकी जगह सब्स्टीट्यूट फील्डर ओली पोप को मैदान में उतारा गया। लंच के बाद एटकिंसन दोबारा मैदान पर नहीं लौटे। एटकिंसन ने इस टेस्ट के पहले दिन 14 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए थे.