बैढ़न बस स्टैंड के दोनों गेट पर रोज लग रहा जाम, यात्रियों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

सिंगरौली के बैढ़न अंतर्राज्यीय बस स्टैंड के दोनों गेट पर रोजाना जाम लगने से यात्री और राहगीर परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने अलग ऑटो-ई रिक्शा स्टैंड और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

बैढ़न बस स्टैंड के दोनों गेट पर रोज लग रहा जाम, यात्रियों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

सिंगरौली। बैढ़न स्थित अंतर्राज्यीय बस स्टैंड के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से यात्रियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड के बाहर ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण सुबह से शाम तक यातायात प्रभावित रहता है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस स्टैंड के दोनों गेट के सामने ऑटो चालक सवारी बैठाने के लिए सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और कुछ ही समय में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। लोगों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर पुलिस की नियमित मौजूदगी नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।

नागरिकों का कहना है कि बढ़ते वाहनों और यात्रियों के दबाव के मुकाबले बैढ़न का अंतर्राज्यीय बस स्टैंड अब छोटा पड़ने लगा है। पहले की तुलना में बसों, ऑटो और ई-रिक्शा की संख्या में काफी वृद्धि हुई है, जिससे बस स्टैंड परिसर और आसपास की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से बस स्टैंड के आसपास यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित करने की मांग की है। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग स्टैंड निर्धारित करने तथा भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नए और बड़े बस स्टैंड के निर्माण या वर्तमान बस स्टैंड के स्थानांतरण पर विचार करने की मांग उठाई है।