'PM मोदी प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों नहीं करते?' न्यूजीलैंड के पत्रकार के सवाल पर MEA ने दिया जवाब
न्यूजीलैंड दौरे के दौरान एक पत्रकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने पर सवाल पूछा। विदेश मंत्रालय (MEA) के सचिव रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि पीएम मोदी जनता से सीधे संवाद करना पसंद करते हैं, बिचौलियों के जरिए नहीं।
Auckland: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों दो दिन के न्यूजीलैंड दौरे पर हैं. इसी दौरान एक मीडिया ब्रीफिंग में न्यूजीलैंड के एक पत्रकार ने ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसकी काफी चर्चा हो रही है. पत्रकार ने पूछा कि आखिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों नहीं करते?
इस सवाल का जवाब विदेश मंत्रालय (MEA) के सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन ने दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक ऐसे नेता हैं, जो लोगों से सीधे जुड़ना पसंद करते हैं. उनके मुताबिक, पीएम मोदी अपने वोटर्स से सीधे संवाद में विश्वास रखते हैं, न कि किसी "बिचौलिए" के जरिए.
पहले भी पूछा जा चुका है यही सवाल
रुद्रेंद्र टंडन ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह सवाल उनके लिए नया नहीं है. उन्होंने कहा कि इसी साल प्रधानमंत्री की नॉर्वे यात्रा के दौरान भी उनसे यही सवाल पूछा गया था. उन्होंने इसे "Déjà vu" बताया. Déjà vu एक फ्रेंच शब्द है, जिसका मतलब होता है, ऐसा महसूस होना कि यह घटना पहले भी हो चुकी है.
MEA ने क्या कहा?
रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि एक सरकारी अधिकारी होने के नाते वह प्रधानमंत्री की राजनीतिक शैली पर टिप्पणी नहीं कर सकते. लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारतीय राजनीति के ऐसे नेता हैं, जिन्होंने जनता से सीधे जुड़ने की कला में महारत हासिल की है. उन्होंने कहा कि भारत के ज्यादातर मतदाता, खासकर ग्रामीण इलाकों के लोग, नेताओं से सीधा संवाद पसंद करते हैं. उन्हें यह अच्छा नहीं लगता कि कोई उनके और नेता के बीच "बिचौलिया" बने. उनका कहना था कि प्रधानमंत्री मोदी इसी तरीके से लोगों से जुड़ते हैं और यही उनकी राजनीतिक शैली भी है.
तीसरे कार्यकाल का भी किया जिक्र
MEA सचिव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरे कार्यकाल में देश का नेतृत्व कर रहे हैं और भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में उनका नाम शामिल है. उनके मुताबिक, जनता से सीधा संवाद उनकी राजनीतिक सफलता की बड़ी वजहों में से एक है.
40 साल बाद भारतीय PM का न्यूजीलैंड दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय तीन देशों की यात्रा पर हैं. इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के बाद उनका आखिरी पड़ाव न्यूजीलैंड है. खास बात यह है कि पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला न्यूजीलैंड दौरा है.

