भोपाल में शराब दुकान के खिलाफ प्रदर्शन: मंदिर के पास दुकान हटाने की मांग, महिलाओं ने दी ताला बंदी की चेतावनी

भोपाल के अरेरा कॉलोनी में आर्य समाज मंदिर के पास स्थित शराब दुकान के विरोध में रहवासियों का प्रदर्शन।

भोपाल में शराब दुकान के खिलाफ प्रदर्शन: मंदिर के पास दुकान हटाने की मांग, महिलाओं ने दी ताला बंदी की चेतावनी

भोपाल में अरेरा कॉलोनी स्थित आर्य समाज मंदिर के समीप संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और स्थानीय रहवासी सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शराब दुकान धार्मिक स्थल आर्य समाज मंदिर से मात्र लगभग 40 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक और धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से लगातार इस दुकान का विरोध किया जा रहा है, लेकिन जिला प्रशासन और आबकारी विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इस मामले में कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी भी लगातार विरोध दर्ज कराते रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार जिला प्रशासन, नगर निगम से लकर आबकारी विभाग तक को लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यहां तक कि मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कार्रवाई के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके दुकान नहीं हटाई गई।

वहीं, स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि जांच रिपोर्ट में आर्य समाज मंदिर को मंदिर मानने से ही इनकार कर दिया गया, जो कि गंभीर विषय है। लोगों ने कहा कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, साथ ही आवश्यकता पड़ने पर शराब दुकान पर ताला बंदी भी की जाएगी।