मध्यप्रदेश में किसानों को बड़ी राहत: भूमि अधिग्रहण मुआवजा 4 गुना बढ़ा, ऊषा ठाकुर ने बताया ऐतिहासिक फैसला
पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक ऊषा ठाकुर ने कहा कि भाजपा पूरे जिले में उन स्थानों पर जश्न मनाएगी, जहां-जहां भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भूमि अधिग्रहण पर मुआवजा दोगुना बढ़ाकर 4 गुना करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले को लेकर इंदौर में भाजपा नेताओं ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के विवादित बयान पर भी पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है।

सरकार का ये फैसले ऐतिहासिक और किसानों के हित में है
दरअसल, मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में किसानों को बड़ी राहत देते हुए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को 2 गुना से बढ़ाकर 4 गुना करने का फैसला लिया गया है। सरकार का मानना है कि विकास कार्यों के दौरान बाजार मूल्य अधिक होने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। जिसे अब इस फैसले से दूर किया जाएगा। इसी फैसले को लेकर इंदौर में भाजपा विधायक ऊषा ठाकुर और भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा ने मीडिया से चर्चा में सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए इसे किसानों के हित में बताया। साथ ही यह भी कहा कि भाजपा पूरे जिले में उन स्थानों पर जश्न मनाएगी, जहां-जहां भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

ऊषा ठाकुर ने दी प्रीतम लोधी के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया
मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री ऊषा ठाकुर ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के विवादित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में पूरी तरह सख्त है। प्रीतम लोधी को शो-कॉज नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा गया है। गौरतलब है कि विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने एसडीओपी आयुष जाखड़ को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पत्र जारी कर उनसे जवाब तलब किया है। ऊषा ठाकुर ने साफ कहा कि पार्टी अनुशासन के मामले में कोई समझौता नहीं करेगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मानपुर थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला को उसके पति के द्वारा अर्धनग्न करके मारपीट करने के मामले में भी उषा ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शासन इस मामले में सख्त है और इस तरह की घटनाओं में भी पूर्व में कई कठोर कार्रवाई की गई है, जिसमें मृत्युदंड देने जैसी कार्रवाई भी हुई है। बावजूद इसके कुछ ऐसे लोग हैं जो इस तरह के निंदनीय कृत्य को अंजाम दे रहे हैं, जिसके खिलाफ भी कठोरतम कार्रवाई शासन के द्वारा करी जाएगी।
Varsha Shrivastava 
