पब्लिक वाणी खास खबर : शहर के बीचोंबीच से मंडी, बाजार और कारखाने आदमपुर छावनी और ट्रांसपोर्ट नगर में करेंगे शिफ्ट

Public Vani Khas Khabar : खाली होने वाली जगह पर पार्किंग, आवासीय व व्यवसायिक निर्माण हो सकेंगे

पब्लिक वाणी खास खबर : शहर के बीचोंबीच से मंडी, बाजार और कारखाने आदमपुर छावनी और ट्रांसपोर्ट नगर में करेंगे शिफ्ट

मुक्तेश रावत @ भोपाल

शहर के बीचों बीच चल रहे कारखाने, मंडियां और अन्य उद्योग आबादी के साथ ही ट्रैफिक के लिए कई दशकों से समस्या बने हुए है। इनको रिहायश से दूर आदमपुर छावनी, कोकता स्थित ट्रांसपोर्ट नगर समेत अन्य स्थानों पर शिफ्ट करने की प्लानिंग है। इससे खाली होने वाली जमीन पर पार्किंग विकसित करने के साथ ही आवासीय व व्यवसायिक निर्माण किए जा सकेंगे।

राजधानी के मध्य क्षेत्र जहांगीराबाद में कई साल से मछली मार्केट लग रहा है। योजना के मुताबिक इसे आदमपुर छावनी ले जाना प्रस्तावित है। मार्केट शिफ्ट होने पर वहां सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह किराना मंडी को मंडी में व्यवस्थापित किया जाना है। फिर वहां वाहनों के लिए पार्किंग तैयार की जाएगी। पुराने शहर में ही भंडार गृह बने हुए है।

इनको कोकता स्थित ट्रांसपोर्ट बाहर भेजने की बोलना है। इससे काफी आवासीय प्रोजेक्ट किया जा सकेगा। इसी एरिया में प्रिंटिंग स्टेशनरी व फॉरवर्डिंग एजेंसियों के गोडाउन हैं। यह सभी ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट किया जाना प्रस्तावित है। वहां रिहायशी निर्माण के साथ पार्किंग विकसित की जाएगी।

एमपी नगर, जिंसी समेत अन्य क्षेत्रों में प्रिंटिंग प्रेस हैं। ट्रांसपोर्ट नगर में इनको शिफ्ट कर खाली हुई जगह पर पार्किंग विकसित की जाना है। जहांगीराबाद, जिंसी, ऐशबाग आदि क्षेत्रों में चमड़े के कारखाने हैं। इनको भी आबादी से दूर आदमपुर छावनी भेजा जाना है। ऐसा होने पर घनी आबादी वाले इन क्षेत्रों में पार्किंग के लिए जगह उपलब्ध हो सकेगी।

सुभाष नगर, इतवारा से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की शिफ्टिंग की योजना बरकरार रखी

सुभाष नगर, इतवारा से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को शिफ्ट किया जाना है। यह योजना काफी पुरानी है। इन व्यवसायियों को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट करने की प्लानिंग यथावत रखी गई है। इनके हटने पर सुभाष नगर में सड़क और इतवारा में पार्किंग विकसित की जाएगी। वहीं पुल बोगदा से लक्ष्मीगंज गल्ला मंडी को मंडी में शिफ्ट करने के बाद व्यवसाय और पार्किंग विकसित की जाएगी। बस स्टैंड के पास से नवबहार सब्जी मंडी को भी मंडी में शिफ्ट किया जाएगा।

वहीं बैरागढ़ की सब्जी मंडी को भैसाखेड़ी में भेजना प्रस्तावित है। मंडी की जगह पार्किंग बनाई जाएगी। पुरानी रेलवे लाइन के दोनों ओर 100 मीटर तक झुग्गियां बनी हैं। इनके पुनर्वास की योजना है। शहर में नालों पर बनी दुकानों को नए बाजार में शिफ्ट किया जाना है।

पुतलीघर के पास भंडार गृह और एग्रो इंजीनियरिंग कारखाने को ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्ट करना प्रस्तावित है। वहां बस स्टैंड बनाया जाएगा। एमपी नगर प्रेस कॉम्पलेक्स व परमाली वॉलेस से भंडार गृह ट्रांसपोर्ट नगर ले जाएंगे। लोहा मंडी को भी वहां शिफ्ट किया जाएगा।

इन पर आंशिक या पूरा अमल हो पाया

भारत टॉकीज आइस फैक्ट्री व हमीदिया रोड के पास से आरा मिल, आंशिक क्रियान्वयन
पुल बोगदा से अस्थि मिल, आंशिक क्रियान्वयन
जहांगीराबाद से बूचड़खाना, अमल
पुल बोगदा से सरेस मिल हटाई
जहांगीराबाद से भोपाल ऑयल मिल, क्रियान्वयित
छोला रोड से स्ट्रॉ प्रोडक्ट, पूरी तरह नहीं हट पाए