भोपाल नगर निगम में अधिकारियों के बीच विवाद, AHO ने HO को दी धमकी; जूता मारने की कोशिश का वीडियो वायरल

भोपाल नगर निगम में AHO और HO के बीच विवाद का वीडियो वायरल हुआ है। AHO बलवीर मलिक पर HO सुमंदर शर्मा को धमकी देने और जूता निकालने की कोशिश का आरोप है।

भोपाल नगर निगम में अधिकारियों के बीच विवाद, AHO ने HO को दी धमकी; जूता मारने की कोशिश का वीडियो वायरल

भोपाल। राजधानी भोपाल में नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। यहां एक बैठक के बाद सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (AHO) बलवीर मलिक और स्वास्थ्य अधिकारी (HO) सुमंदर शर्मा के बीच जमकर बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि AHO ने अपने वरिष्ठ अधिकारी को कथित तौर पर धमकी दी और जूता निकालकर मारने की कोशिश की। मौके पर मौजूद दूसरे अधिकारी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बैठक के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम मुख्यालय में दरोगाओं की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक खत्म होने के बाद परिसर के बाहर जोन-9 नरेला विधानसभा के HO सुमंदर शर्मा और AHO बलवीर मलिक के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

वायरल वीडियो में AHO बलवीर मलिक काफी आक्रोशित नजर आ रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने HO सुमंदर शर्मा को धमकी दी और जूता निकालकर मारने की कोशिश की। हालांकि, पास मौजूद दूसरे AHO ने उन्हें रोक लिया।

'इस्तीफा साथ रखता हूं'

विवाद के दौरान AHO बलवीर मलिक ने अपनी सरकारी जीप में रखा एक पत्र भी दिखाया। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि वह अपना इस्तीफा साथ लेकर चलते हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वह मंत्री की भी नहीं सुनते।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों के बीच हुए इस विवाद को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल विवाद की मूल वजह क्या थी और मामले में निगम प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाएगी, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

वीडियो वायरल होने के बाद सवाल

नगर निगम जैसे सरकारी संस्थान में अधिकारियों के बीच सार्वजनिक तौर पर इस तरह का विवाद सामने आने से प्रशासनिक अनुशासन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। निगम प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी