केयरटेकर बना चोर, जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर लाखों के जेवर लेकर फरार

केयरटेकर ने भरोसे का फायदा उठाते हुए पूरे घर को निशाना बना लिया। आरोपी ने पहले घर की रेकी की और फिर नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया।

केयरटेकर बना चोर, जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर लाखों के जेवर लेकर फरार

इंदौर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक केयरटेकर ने भरोसे का फायदा उठाते हुए पूरे घर को निशाना बना लिया। आरोपी ने पहले घर की रेकी की और फिर नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया।

द्वारिकापुरी थाना क्षेत्र में एक शातिर केयरटेकर द्वारा की गई चोरी ने इलाके में दहशत फैला दी है। जानकारी के मुताबिक, गुमास्ता नगर निवासी आभास मंगल ने अपने दादाजी की देखभाल के लिए गोपुर चौराहे स्थित एक होम केयर कंपनी के माध्यम से यश बंसल नाम के युवक को केयरटेकर के रूप में रखा था। आरोपी घटना से महज एक दिन पहले ही घर आया और उसने पूरे घर की बारीकी से रेकी की। जिसके बाद 12 अप्रैल की रात आरोपी ने घर में मौजूद पूर्व केयरटेकर दिलीप और परिवार के अन्य सदस्यों को जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। नशीले असर के चलते जब सभी लोग गहरी नींद में सो गए, तो आरोपी ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान समेटे और मौके से फरार हो गया।

सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा मिला और चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा दिया गया आधार कार्ड फर्जी था। वहीं, इस मामले के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी केयरटेकर या घरेलू सहायक को रखने से पहले उसके दस्तावेजों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, इंदौर क्राइम की ये खबर भी पढ़ें 

इंदौर में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात तस्कर के ठिकाने पर छापा मारा है, जहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी पहले भी जिला बदर रह चुका है। सांवेर क्षेत्र के ग्राम बड़ोदिया खान में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्कर महेश उर्फ एनडी के घर पर छापा मारा। टीम ने 101 पेटी अवैध मदिरा जब्त की, जिसमें 558 लीटर देशी शराब, 315 लीटर विदेशी स्प्रिट और 48 लीटर बीयर शामिल है।

कुल मिलाकर 921 बल्क लीटर शराब बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी महेश उर्फ एनडी पहले भी जिला बदर की कार्रवाई झेल चुका है, इसके बावजूद वह अवैध कारोबार में सक्रिय था। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में की गई, जिसमें एडीईओ धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान और उप निरीक्षक त्रियांबिका शर्मा की टीम शामिल रही।