मऊगंज में लालटेन और खाली सिलेंडर लेकर साइकिल से कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
मऊगंज में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिलाल कोल एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता लालटेन एवं खाली गैस सिलेंडर लेकर साइकिल यात्रा करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम मऊगंज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मऊगंज जिला कांग्रेस कार्यालय से मुख्य बाजार होते हुए साइकिल रैली निकालकर लालटेन एवं खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट कार्यालय पहुंचे। पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मेरे पुराने दिन लौटा दो, मेरे केरोसिन वाले दिन अच्छे थे, मोदी जी अपने अच्छे दिन वापस कर लो।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सहित पूरे देश में एलपीजी गैस के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है, डीजल-पेट्रोल के लिए पेट्रोल पंपों में मारामारी जैसे हालात हैं। वहीं पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण आम लोग धूप में लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि कई पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार ईंधन नहीं मिल पा रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने 1 अप्रैल 2026 से बिजली दरों में 4.80 प्रतिशत वृद्धि को भी अन्यायपूर्ण बताया। आरोप लगाया गया कि आम उपभोक्ताओं और किसानों को महंगी बिजली दी जा रही है, जबकि उद्योगपतियों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई।

नईगढ़ी थाना क्षेत्र में विवेक कुमार विश्वकर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दर्ज कथित झूठे प्रकरण को वापस लेने की भी मांग उठाई गई। साथ ही नगर परिषद मऊगंज के वार्ड 11 में निवासरत अनुसूचित जाति-जनजाति के गरीब परिवारों के पुनर्वास के बाद ही विस्थापन सुनिश्चित करने की मांग की गई। लालटेन एवं खाली सिलेंडर के साथ साइकिल से कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

