निगम आयुक्त संस्कृति जैन के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास, सहायक यंत्री विजय गोयल को भेजे गए मैसेज
16 फरवरी 2026। नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर साइबर ठगी की कोशिश.
भोपाल, 16 फरवरी 2026। नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर साइबर ठगी का पुनः प्रयास किया गया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा निगम आयुक्त की फोटो डी.पी. पर लगाकर फर्जी अकाउंट बनाया गया और सहायक यंत्री श्री विजय गोयल को मैसेज भेजकर संपर्क करने का प्रयास किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 84568481763 से निगम आयुक्त संस्कृति जैन की फोटो लगाकर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया और सहायक यंत्री विजय गोयल को तीन मैसेज भेजे। मैसेज देखकर श्री गोयल को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल उक्त फर्जी अकाउंट को ब्लॉक कर दिया और इसकी जानकारी निगम आयुक्त को दी।
निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर या उनकी फोटो लगाकर किसी भी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो उसे पूर्णतः नजरअंदाज करें और तत्काल इसकी सूचना उन्हें दें।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी नवंबर 2025 में निगम आयुक्त के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर पैसे मांगने की घटना सामने आ चुकी है। निगम आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सतर्क रहने और साइबर ठगी के प्रयासों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं कर्मचारियों से भी आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की आर्थिक लेन-देन से पहले संबंधित व्यक्ति की पुष्टि अवश्य करें।
shivendra 
