BJP MLA प्रीतम लोधी पर होगी कार्रवाई! 3 दिन में देना होगा जवाब, प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने भेजा नोटिस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी को नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है। पुलिस अफसर पर टिप्पणी का मामला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शिवपुरी जिले के पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में प्रीतम सिंह लोधी से 3 दिनों के अंदर अपना जवाब पेश करने को कहा गया है।

जारी पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में विधायक द्वारा किया गया आचरण “अत्यंत आपत्तिजनक” पाया गया है और यह पार्टी के अनुशासन के अनुरूप नहीं है। पार्टी ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जवाब तलब किया है। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो उनके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह नोटिस 22 अप्रैल 2026 को जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को भी भेजी गई है। इससे साफ है कि भाजपा इस मामले को गंभीरता से ले रही है और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया गया है।
पार्टी संबंधित पर जो कार्रवाई होगी वो की जाएगी
विधायक प्रीतम सिंह लोधी को नोटिस जारी कर जवाब मांगने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी के संज्ञान में पूरा मामला है। पार्टी अनुशासन का नोटिस भी दिया गया है। पार्टी संबंधित पर जो भी उचित कार्रवाई होगी वो की जाएगी।

दरअसल, शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में विधायक के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी से हुए एक्सीडेंट के बाद ये विवाद शुरु हुआ है। इसके बाद विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने करैरा SDOP डॉ. आयुष जाखड़ के खिलाफ अमर्यादित और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया था।
BJP विधायक प्रीतम लोधी से MP के IPS नाराज
खबर है कि इस मामले के तूल पकड़ते ही गलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मध्य प्रदेश बीजेपी से रिपोर्ट मांगी थी, जिसके बाद यह नोटिस जारी हुआ है। वहीं, इस मामले में एक दिन पहले IPS एसोसिएशन ने विधायक के बयान पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Varsha Shrivastava 
