क्राइम ब्रांच का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: 2 अलग-अलग कार्रवाई में 5 तस्कर गिरफ्तार, 7.20 लाख का माल जब्त

क्राइम ब्रांच का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई में 5 तस्कर गिरफ्तार किए, 58.84 ग्राम ब्राउन शुगर और दो बाइक जब्त

क्राइम ब्रांच का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: 2 अलग-अलग कार्रवाई में 5 तस्कर गिरफ्तार, 7.20 लाख का माल जब्त

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग ऑपरेशन में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 58.84 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोटरसाइकिलें और करीब 7 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। गिरफ्तार अधिकांश आरोपी पहले से ही गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अब इनसे ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

दरअसल, इंदौर पुलिस के द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पहली कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की टीम ने एमआर-10 रोड स्थित मेट्रो पोल नंबर CP-330 के सामने सर्विस रोड से दो मोटरसाइकिलों पर बैठे चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर अभिजीत उर्फ चालीस, चंद्रशेखर उर्फ अतुल, विशेष उर्फ बच्चू और गोपाल उर्फ धोड़ के कब्जे से कुल 39.95 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। साथ ही दोनों मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली गईं।

इस कार्रवाई में करीब 5 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की टीम ने पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड, अरविंदो लवकुश चौराहे के पास से राहुल सौदागर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 18.89 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये है, बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वही क्राइम ब्रांच अब आरोपियों से ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।