इंदौर: इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के गोडाउन में लगी आग, डेकोरेशन का सामान जलकर खाक, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं
खजराना क्षेत्र में रोबोट चौराहा के पास टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम की टीम ने फायर फाइटिंग रोबोट का किया इस्तेमाल
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में रोबोट चौराहा के पास कर्बला मैदान के नजदीक एक इवेंट मैनेजमेंट और टेंट हाउस के गोदाम में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। गोदाम में शादी-ब्याह और इवेंट में इस्तेमाल होने वाला डेकोरेशन और टेंट का सामान रखा हुआ था।
तेजी से फैली आग, दूर तक दिखा धुआं
आग लगते ही कुछ ही समय में पूरे गोदाम में फैल गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। धुएं का गुबार इतना ज्यादा था कि वह कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। गोदाम बड़ा होने के कारण आग को नियंत्रित करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग तेजी से फैलती रही, जिससे हालात चुनौतीपूर्ण बने रहे।

फायर फाइटिंग रोबोट का किया गया इस्तेमाल
आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम द्वारा खरीदा गया फायर फाइटिंग रोबोट भी मौके पर लगाया गया। रोबोट की मदद से दूर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा जेसीबी और पोकलेन मशीन की मदद से टीन शेड हटाया गया ताकि अंदर तक पानी पहुंच सके।

25 से ज्यादा टैंकर पानी का उपयोग
आग बुझाने के दौरान 25 से अधिक टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया। स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रही। मौके पर खजराना थाना पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

शुरुआती कारण शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
