IPL के बीच NSG कैंप पहुंचे एमएस धोनी: चलाई सब-मशीनगन, कमांडोज से पूछा- 'फिट लग रहा हूं न?'
पूर्व भारतीय कप्तान Mahendra Singh Dhoni रविवार को चेन्नई स्थित NSG रीजनल हब पहुंचे, जहां उन्होंने कमांडोज के साथ समय बिताया और शूटिंग रेंज में मशीनगन व पिस्टल से निशाने लगाए। टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल धोनी ने जवानों से फिटनेस को लेकर मजाकिया बातचीत भी की।
पूर्व भारतीय कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। आईपीएल (IPL) सीजन के व्यस्त शेड्यूल के बीच, धोनी रविवार को चेन्नई स्थित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) के रीजनल हब पहुंचे।
मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले 'थाला' ने यहाँ न सिर्फ कमांडोज के साथ वक्त बिताया, बल्कि उनके हाथों में आधुनिक हथियार भी नजर आए। धोनी ने NSG की शूटिंग रेंज में सब-मशीनगन (छोटी मशीनगन) चलाई और पिस्टल से सटीक निशाना भी लगाया।
कमांडोज से फिटनेस पर की बात: "जैसे-जैसे टाइम बढ़ता है, मेहनत ज्यादा करनी पड़ती है", 44 साल की उम्र में भी अपनी फिटनेस से युवाओं को प्रेरित करने वाले एमएस धोनी ने कैंप में मौजूद कमांडोज और उनके परिवारों के साथ लंबा वक्त बिताया। उन्होंने जवानों के साथ खाना खाया और उनसे काफी अनौपचारिक बातचीत की। इसी बातचीत के दौरान धोनी ने मुस्कुराते हुए कमांडोज से पूछा- "फिट लग रहा हूं न.

इस पर देश के जांबाज जवानों ने सहमति जताते हुए मजेदार जवाब दिया। जवानों ने कहा- सर, पिछली बार जब आप (2023 में) आए थे, तब इससे भी ज्यादा फिट थे। जवानों की इस बात पर धोनी ने बढ़ती उम्र के सच को स्वीकार करते हुए एक बड़ी सीख दी। उन्होंने कहा जैसे-जैसे टाइम बढ़ता है, मेहनत ज्यादा करनी पड़ती है।

सेना और सैन्य बलों से धोनी का पुराना और अटूट नाता..
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले एमएस धोनी का भारतीय सेना के प्रति प्रेम किसी से छिपा नहीं है। वे प्रादेशिक सेना (Territorial Army) में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर हैं। वह पैराशूट रेजीमेंट की 106 पैरा टेरिटोरियल आर्मी बटालियन का हिस्सा हैं।
सेना में उनके सफर की कुछ मुख्य झलकियां इस प्रकार हैं..
2011..
भारतीय सेना ने धोनी को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक से सम्मानित किया।
2015..
धोनी ने आगरा में सैन्य एयरक्राफ्ट से 5 अनिवार्य जंप पूरी कीं और एक क्वालिफाइड पैराट्रूपर बने।
2018..
जब राष्ट्रपति भवन में धोनी को 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया गया, तो वे सेना की पूरी यूनिफॉर्म पहनकर, मार्च करते हुए अवॉर्ड लेने पहुंचे थे।
2019..
वर्ल्ड कप के ठीक बाद धोनी ने क्रिकेट से ब्रेक लिया और जम्मू-कश्मीर में 106 इन्फैंट्री बटालियन के साथ 2 हफ्ते बिताए। वहां उन्होंने आम सैनिकों की तरह गार्ड ड्यूटी और पेट्रोलिंग भी की थी। कश्मीर ट्रेनिंग के दौरान उनकी बूट पॉलिश करते हुए तस्वीर भी खूब वायरल हुई थी।
इंजरी से जूझ रहे हैं धोनी, क्या आज हैदराबाद के खिलाफ खेलेंगे..
एक तरफ जहां धोनी के NSG कैंप दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं, वहीं दूसरी तरफ सीएसके (CSK) के फैंस के लिए एक चिंता की खबर भी है। धोनी इस सीजन में काफ स्ट्रेन (पिंडली की चोट) से जूझ रहे हैं। इसी इंजरी की वजह से वे इस आईपीएल सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।
आज चेन्नई के एमए चिदंबरम (चेपक) स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होना है। यह इस सीजन में चेन्नई का आखिरी मैच भी है।

क्या फैंस को देखने को मिलेगी 'थाला' की झलक..
फैंस उम्मीद लगा रहे हैं कि धोनी अपने होम ग्राउंड पर सीजन का आखिरी मैच खेल सकते हैं। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजमेंट या खुद धोनी की तरफ से ऐसे कोई साफ संकेत नहीं मिले हैं। फ्रेंचाइजी ने पहले ही साफ किया था कि धोनी की पुरानी चोट दोबारा उभर आई है, जिसके कारण उनके खेलने में देरी हो रही है। अब देखना यह होगा कि क्या धोनी आज के मैच में मैदान पर उतरकर फैंस को सरप्राइज देते हैं या नहीं।

