कॉकरोच, जंग लगे बर्तन, काला तेल; Indore के 3 बड़े फूड आउटलेट्स पर एक्शन
इंदौर के 3 बड़े फूड आउटलेट्स पर गिरी गाज, एक फ्रीजर में वेज-नॉनवेज, जांच में मिलीं गंभीर खामियां, HeyDeli Pizza, BigBasket और Social के फूड लाइसेंस सस्पेंड
इंदौर में खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर Food Safety Administration ने तीन बड़े प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। HeyDeli Pizza, BigBasket और Social Indore के Food Licenses निलंबित कर दिए गए हैं।

Collector Shivam Verma के निर्देशन में हुई जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां मिली थीं। इससे पहले तीनों को Improvement Notice जारी कर कमियां दूर करने का समय दिया गया था, लेकिन तय अवधि में संतोषजनक सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित किए गए।
HeyDeli Pizza में कॉकरोच और जंग लगे बर्तन
Scheme No. 54 स्थित Gemini Mall के HeyDeli Pizza में जांच के दौरान किचन के फ्रीजर और फर्श पर कॉकरोच मिले। इसके अलावा जंग लगे और गंदे बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों को जले हुए काले तेल में तैयार किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।

जांच टीम को मोकटेल बनाने वाले प्लेटफॉर्म पर भी जंग मिली। किचन के दरवाजे के नीचे खाली जगह थी, जिससे कीड़े-मकौड़ों के अंदर आने की आशंका थी। इसके अलावा सफाई, पर्याप्त रोशनी और बर्तन धोने की व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, कर्मचारियों के Medical Fitness Certificate और जरूरी जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थीं।
Social Indore में एक ही फ्रीजर में वेज-नॉनवेज
MR-10 स्थित Social Indore में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। जांच के दौरान Veg और Non-Veg खाद्य सामग्री को एक ही Deep Freezer में रखा पाया गया। स्टोर रूम के दरवाजे खुले थे और सामान रखने की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। इसके अलावा खुले Dustbin मिले। कर्मचारियों के Medical Fitness Certificate, पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की NABL Lab जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

BigBasket में खाद्य-अखाद्य सामान साथ मिला
Scheme No. 54 स्थित BigBasket में निरीक्षण के दौरान Raw Material को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य सामान भी रखा मिला। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। जांच के दौरान FSSAI/FoSTaC Training Certificate, कर्मचारियों के Medical Fitness Certificate और Pest Control के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

निलंबन अवधि में कारोबार पर रोक
Food Safety Administration ने Food Safety and Standards Act के तहत तीनों प्रतिष्ठानों के Food Licenses निलंबित किए हैं। प्रशासन ने वहां रखे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं।

लाइसेंस निलंबित रहने तक HeyDeli Pizza, BigBasket और Social Indore में खाद्य कारोबार पूरी तरह बंद रखना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निलंबन आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
