Bomb Threat : Air India की सऊदी अरब-दिल्ली फ्लाइट में बम! अहमदाबाद में कराई इमरजेंसी लैंडिंग
Bomb Threat : विमान के एक टॉयलेट में क्रू मेंबर को अंग्रेजी में ‘बम’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला। क्रू मेंबर ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी।
Air India Flight Bomb Threat : अहमदाबाद। सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट को सोमवार को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल को धमकी की जानकारी मिलने के बाद विमान को नजदीकी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया गया। विमान के क्रू ने भी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलट को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद पायलट ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
टॉयलेट में मिला ‘बम’ लिखा टिश्यू
विमान के एक टॉयलेट में क्रू मेंबर को अंग्रेजी में ‘बम’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला। क्रू मेंबर ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान को अहमदाबाद की तरफ मोड़ दिया गया। एयरपोर्ट को सूचना मिलते ही सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर जरूरी इंतजाम किए गए।
32 यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारा गया
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद विमान में मौजूद सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को एयरपोर्ट बस के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया। उनके सामान को भी अलग रखकर सुरक्षा जांच की गई। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र को निगरानी में रखा गया।
बम स्क्वॉड और सुरक्षा टीमों ने की जांच
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद फायर ब्रिगेड, CISF, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा टीमें विमान के आसपास पहुंचीं। सुरक्षा अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने विमान की विस्तृत जांच की। सीटों से लेकर कार्गो होल्ड और विमान के अन्य हिस्सों को भी खंगाला गया।
सुरक्षा जांच के दौरान विमान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि टिश्यू पेपर किसने रखा था और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। धमकी वास्तविक थी या किसी ने जानबूझकर दहशत फैलाने के लिए ऐसा किया, इसकी जांच जारी है।

