महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, मनुस्मृति दहन कर जताया भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध
इंदौर के रीगल चौराहे पर गरजी महिला कांग्रेस, मनुस्मृति दहन के साथ राहुल गांधी-खड़गे मुद्दे पर सरकार को घेरा
इंदौर में मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति का प्रतीकात्मक दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर का विरोध किया गया।

दरअसल, रीगल चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मनुस्मृति का प्रतीकात्मक दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के मामले में काफी समय बीत जाने के बाद भी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों में नाराजगी है।

उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर को भी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए उसका विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस दलित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।
Varsha Shrivastava 
