दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, हिरासत में नाबालिग
इंदौर में चेन लूट का पर्दाफाश, पलासिया थाना क्षेत्र के पत्रकार कॉलोनी में महिला से चेन स्नैचिंग, CCTV से पकड़ा गया भोपाल मूल का नाबालिग; साथी अब भी फरार
इंदौर में दिनदहाड़े महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने भोपाल मूल के एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और झपटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक नाबालिग के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि वारदात में शामिल उसका साथी फरार है।

पूरा मामला पलासिया थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी का है, जहां 26 अगस्त की सुबह बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पलासिया पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और घटनास्थल सहित आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने भोपाल मूल के एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सोने की चेन का आधा हिस्सा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने चेन आपस में बांट ली थी। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
Varsha Shrivastava 
