इंदौर की सड़कों पर कचरे का अंबार: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का दिखने लगा असर

इंदौर के नेहरू नगर और भंवरकुआं ब्रिज के समीप सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण कचरा आसपास फैलता जा रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इंदौर की सड़कों पर कचरे का अंबार: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का दिखने लगा असर

Indore News : देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान रखने वाले इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब सड़कों पर नजर आने लगा है। शहर के नेहरू नगर और भंवरकुआं ब्रिज के समीप सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण कचरा आसपास फैलता जा रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जगह-जगह कचरे के ढेर

सड़कों पर जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इंदौर की पहचान देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में है। ऐसे में सड़कों पर इस तरह कचरा जमा होना शहर की स्वच्छता व्यवस्था और उसकी छवि पर सवाल खड़े करता है।

कचरे के ढेर पर उठे सवाल

वहीं, कुछ लोगों ने एक ही स्थान पर अचानक बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से सड़कों पर कचरा फैला रहे हैं। हालांकि, कचरा किस वजह से और किसके द्वारा यहां फैलाया गया, इसकी पुष्टि नहीं हुई है और यह जांच का विषय है।

फिलहाल सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहर में बढ़ता कचरा नगर निगम के सामने सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में यदि सफाई व्यवस्था बहाल नहीं होती है, तो सड़कों पर कचरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

कचरे के ढेर में महापौर का पोस्टर

सफाई व्यवस्था और सफाई मित्रों की लंबित मांगों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता गिरीश जोशी और विवेक खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर में जमा कचरे के ढेर के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव के पोस्टर लगाए और सफाई मित्रों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। 

इन पोस्टरों पर आपत्तिजनक नारा लिखा गया था। साथ ही सफाई मित्रों की मांगें पूरी करने और इंदौर को कचरा मुक्त करने का संदेश भी दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने शहर की सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों को लेकर नगर निगम पर सवाल उठाए। 

प्रदर्शन के दौरान मांग 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने सफाई मित्रों के नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन और करीब पांच हजार नए स्थायी सफाई कर्मचारियों की भर्ती की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जो सफाई मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, उनकी लंबित मांगों का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने शहर में जमा कचरे को तत्काल उठाने और सफाई व्यवस्था को पूरी तरह बहाल करने की भी मांग की।