NEET-UG, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस की साइक्लोथॉन आज से शुरु

'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत निकली साइकिल यात्रा: जीतू पटवारी साइकिल 2 दिन में पूरा करेंगे इंदौर से भोपाल का सफर, रास्ते में युवाओं और छात्रों से भी होगा संवाद 

NEET-UG, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस की साइक्लोथॉन आज से शुरु

मध्य प्रदेश में NEET-UG परीक्षा, CBSE एग्जाम में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस आज (14 जुलाई) से इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय साइक्लोथॉन शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देशव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत आयोजित इस साइकिल यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कर रहे हैं। वे दो दिनों तक साइकिल चलाते हुए इंदौर से भोपाल तक करीब 200 किलोमीटर का सफर तय करेंगे।

इंदौर के डीएवीवी से होगी यात्रा की शुरुआत

साइक्लोथॉन की शुरुआत सोमवार सुबह करीब 8 बजे इंदौर के रीगल चौराहा स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) गेट और RNT मार्ग से हुई। यह इलाका शहर का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र माना जाता है। कांग्रेस ने इसी स्थान से यात्रा शुरू करने का फैसला किया है ताकि छात्रों की समस्याओं और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जा सके।

यात्रा के शुभारंभ में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं, युवा और साइकिल प्रेमी शामिल हुए। प्रशासन ने कार्यक्रम को देखते हुए मधुमिलन से रीगल चौराहे तक सुबह के समय यातायात डायवर्ट करने की व्यवस्था भी की गई है।

हर जिले से जुड़ेंगे करीब 500 साइकिल यात्री

कांग्रेस का दावा है कि इंदौर से भोपाल के बीच पड़ने वाले प्रत्येक जिले से करीब 500 साइकिल यात्री इस अभियान में शामिल होंगे। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिलों को मिलाकर दो हजार से अधिक प्रतिभागियों के भोपाल तक यात्रा में शामिल होने की संभावना है।

इसके अलावा इंदौर के साइकिल रेसर ग्रुप, फिटनेस क्लबों के सदस्य और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। कांग्रेस इसे युवाओं की आवाज़ बुलंद करने वाला जनसंपर्क अभियान बता रही है।

यात्रा के पहले दिन का समापन सीहोर जिले के आष्टा कस्बे स्थित गोकुलधाम मैरिज गार्डन में होगा, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इस दौरान जीतू पटवारी युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे तथा शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद 15 जुलाई की सुबह कोठरी कस्बे से यात्रा दोबारा शुरू होकर भोपाल पहुंचेगी।

शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को लेकर कांग्रेस का संदेश

यात्रा से पहले जीतू पटवारी ने कहा कि देश की आजादी के करीब 80 साल बाद अब ऐसा शिक्षा मॉडल तैयार होना चाहिए जिसमें हर बच्चे को केजी से पीजी तक गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध हो। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हो, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगे और छात्रों का भविष्य सुरक्षित बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान का उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों तक यह संदेश पहुंचाना है कि शिक्षा व्यवस्था निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी होनी चाहिए। NEET-UG सहित अन्य परीक्षाओं में सामने आए विवाद पूरे देश की चिंता का विषय हैं और इन पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जब भी पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामले सामने आते हैं तो सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाकर इन सवालों को उठाता रहेगा और यह साइक्लोथॉन भी उसी प्रयास का हिस्सा है।