Sayaji Hotel के किचन में चूहे-कॉकरोच, सड़े आलू-टमाटर और मूंगफली में फंगस
Indore के Sayaji Hotel के किचन में 66 किलो नॉनवेज बिना पैकिंग के मिला। किचन और स्टोरेज एरिया में फूड आइटम के रखरखाव, तापमान, लेबलिंग, साफ-सफाई और लाइसेंस से जुड़ी कई खामियां सामने आईं।
इंदौर। खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को इंदौर के सयाजी होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल के किचन और स्टोरेज एरिया में खाद्य सामग्री के रखरखाव, तापमान नियंत्रण, लेबलिंग, साफ-सफाई और लाइसेंस से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग और निर्माण तिथि के मिली।

टीम के मुताबिक, कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। सी-फूड, चिकन और मटन के लिए भी अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था नहीं मिली। खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर रखने में भी लापरवाही सामने आई। कई खाद्य पदार्थ दीवार से सटाकर और बड़ी मात्रा में सामग्री बिना पैलेट के सीधे फर्श पर रखी मिली।
पैक्ड कुल्फी पर एक्सपायरी डेट नहीं
निरीक्षण के दौरान पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं मिले। वहीं स्टोर में रखा फ्रोजन डेजर्ट मेन्यू में आइसक्रीम के नाम से दर्शाया गया था। कई अन्य खाद्य उत्पाद भी उचित लेबलिंग के बिना मिले। उबले हुए आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग भी पाई गई, जबकि कच्चे माल के अलग किए जा सकने वाले लेबल भी मिले।

मूंगफली में फंगस, सड़े टमाटर-आलू मिले
स्टोर की जांच में मूंगफली में फंगस पाया गया। इसके अलावा सड़े हुए टमाटर और आलू भी रखे मिले। टॉपिंग के कुछ टेट्रापैक लीक पाए गए, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका बनी हुई थी।

किचन में चूहे और कॉकरोच की मौजूदगी
सफाई और पेस्ट कंट्रोल की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में कॉकरोच और चूहों की लीद मिली। निरीक्षण के दौरान टीम को चूहे भी दिखाई दिए। पैलेट के नीचे भी चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले। ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें पाई गईं। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था भी नहीं मिली।

स्टोरेज और इंफ्रास्ट्रक्चर में भी खामियां
ड्राई स्टोरेज और वेजिटेबल स्टोरेज में जंग पाई गई। खाद्य पदार्थ तैयार करने वाला प्लेटफॉर्म भी जंग और क्षरण से प्रभावित मिला। कई खाद्य सामग्री दीवार से चिपकाकर रखी गई थी, जिससे सफाई और स्वच्छता प्रभावित होने की स्थिति थी।

लाइसेंस में नॉनवेज, बेकरी और स्वीट्स का जिक्र नहीं
खाद्य विभाग के निरीक्षण में होटल के लाइसेंस से जुड़ी आपत्तियां भी सामने आईं। टीम के अनुसार लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि दर्ज नहीं थी, जबकि मौके पर नॉनवेज खाद्य सामग्री का इस्तेमाल पाया गया। इसी तरह लाइसेंस में बेकरी और स्वीट्स का उल्लेख नहीं था, जबकि होटल में इन-हाउस बेकरी संचालित होने और मिठाइयां बनाए जाने की बात सामने आई। फाइव स्टार होटल के सेंट्रल लाइसेंस को लेकर भी टीम ने आपत्ति दर्ज की।

निरीक्षण के दौरान इस्तेमाल किया हुआ और जला हुआ तेल सीधे ड्रेनेज में डाले जाने की बात भी सामने आई। खाद्य सामग्री के सुरक्षित निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी टीम ने स्थिति की जांच की।

पनीर, नॉनवेज और ड्राई फ्रूट्स के सैंपल लिए
खाद्य विभाग की टीम ने पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ, ड्राई फ्रूट्स और अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
