Maihar में जंगली हाथी का कहर: खेत में सो रहे किसान को कुचला

एक किसान की मौत, 2 बकरियों की भी गई जान; 3 मिट्टी के मकानों को नुकसान, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Maihar में जंगली हाथी का कहर: खेत में सो रहे किसान को कुचला

मैहर। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना पंचायत के सिंहपुर मौहारी गांव में बीती रात दर्दनाक घटना में एक किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात से ही सीमावर्ती क्षेत्र से लगे गांव में जंगली हाथियों के झुंड को दस्तक मैहर जिले के रामनगर में देखी गई थी। जिसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई थी।

उसी रात जंगली हाथियों का झुंड गांव में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। इसी दौरान हाथी ने कच्चे मकान को निशाना बनाया मकान में सो रहे कंछेदी यादव का सामना हाथियों से हो गया और हाथियों ने कुचलने से ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। हाथी ने गांव में कई मकानों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वही इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के मुताबिक, बाणसागर जलाशय के डूब क्षेत्र में जंगल के किनारे बने मकान में हाथी ने रात में हमला किया। इस दौरान 3 मिट्टी के घरों को नुकसान पहुंचा और 2 बकरियों की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी के उत्पात से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

वहीं, गांव के सरपंच बीपेन्द्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद टीम करीब तीन-चार घंटे बाद मौके पर पहुंची। सुबह तक रेंजर के नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। मौके पर तहसीलदार अनामिका सिंह, थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी, एसडीओ वन सिद्धार्थ दीपांकर, रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

वन विभाग के अनुसार, हाथी की वर्तमान मूवमेंट गोरसरी पहाड़ क्षेत्र में बताई जा रही है। ग्रामीणों में हाथी के दोबारा गांव की ओर आने को लेकर भय बना हुआ है। प्रशासन और वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।