मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति पर जानलेवा हमला, जान से मारने की धमकी भी दी, वीडियो वायरल

रीवा के मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति के साथ मंदिर परिसर में नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौज और हमला करने की कोशिश की।

मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति पर जानलेवा हमला, जान से मारने की धमकी भी दी, वीडियो वायरल

रीवा जिले के मनगवां विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जन्मदिन पर हुई घटना 

दरसअल 25 जनवरी को सूरानाथ हनुमान मंदिर में विधायक नरेंद्र प्रजापति का जन्मदिन हिंदू उत्सव के रूप में मनाया गया था। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना और फिर प्रसाद बांटा गया। 

जब कार्यक्रम खत्म हो गया और ज्यादातर लोग प्रसाद लेकर लौट चुके थे, तब विधायक कुछ कार्यकर्ताओं के साथ वहीं मौजूद थे। इसी दौरान ग्राम सूरा के रहने वाले रिंकू सिंह और गुड्डू सिंह उर्फ गडासा नशे की हालत में मंदिर परिसर पहुंचे।

जानलेवा हमला और धमकी 

लोगो ने बताया की दोनों आरोपियों ने आते ही विधायक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हमला करने की कोशिश की। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बीच-बचाव किया, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।

घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि यह हमला जानबूझकर किया गया और इसके पीछे राजनीतिक रंजिश भी हो सकती है। लोगों का कहना है कि विधायक को अपमानित करने और डराने की कोशिश की गई।

इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विधायक नरेंद्र प्रजापति ने कहा है कि उनके ऊपर हमला करने की पूरी प्लानिंग थी, लेकिन लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है। उम्मीद की जा रही है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी।