मऊगंज में खाद्य सुरक्षा टीम का अभियान: बाजारों में लिए गए दूध और खाद्य पदार्थों के सैंपल
मऊगंज में खाद्य सुरक्षा टीम ने देवतालाब और हनुमना बाजार में दूध व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए. मिलावटखोरों पर कार्रवाई की तैयारी.
राजेंद्र पयासी | मऊगंज
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बाजारों में खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है.

देवतालाब और हनुमना बाजार में पहुंची टीम
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल लैब) के साथ देवतालाब और हनुमना बाजार पहुंची. यहां दूध एवं दूध से बने उत्पादों सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने (सैंपल) लिए गए.
खाद्य एवं औषधि निरीक्षक अमित तिवारी ने बताया कि लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई खाद्य पदार्थ अमानक (सबस्टैंडर्ड) पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
चलित लैब से मौके पर जांच
चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही कुछ खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच भी की गई। इससे बाजार में मिलावटी और नकली उत्पादों पर तत्काल निगरानी रखने में मदद मिल रही है।
आमजन को किया जा रहा जागरूक
अभियान के दौरान टीम द्वारा लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट से बचने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। दूध, घी, पनीर, दही और मसालों (हल्दी, धनिया आदि) में मिलावट की पहचान के आसान तरीके बताए जा रहे हैं, ताकि आम लोग घर पर ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच कर सकें।
मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जिले में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
shivendra 
