Mauganj में 331 ग्राम गांजा के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
Mauganj News: नईगढ़ी थाना पुलिस ने 331 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी है.
राजेंद्र पयासी
मऊगंज. जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नईगढ़ी थाना पुलिस ने 331 ग्राम प्रतिबंधित गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना प्रभारी गोविंद प्रसाद तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम नउआ निवासी प्रदुमन केवट (55) खर्रा गांव में फेरी लगाकर गांजे की पुडिया बेच रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई.
पुलिस को देखकर आरोपी खेतों के रास्ते भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पैकनगांव के पास पकड़ लिया गया. नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास रखी एक थैली से 331 ग्राम प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ. गवाहों की मौजूदगी में गांजे का वजन कराया गया और उसे विधिवत जप्त कर लिया गया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजा बेचने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी गोविंद प्रसाद तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया जाता था और इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
Anubhav Dubey 
