मऊगंज: जन विश्वास अभियान के शिविर में 150 आवेदन मिले, 108 प्रकरणों का मौके पर निराकरण; विधायक-कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
मऊगंज के हनुमना में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित हुआ। 150 आवेदन मिले, जिनमें 108 प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। विधायक प्रदीप पटेल और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
रिपोर्टर राजेंद्र पयासी, मऊगंज
मऊगंज। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप शासन को आमजन के और करीब पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हनुमना में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
शिविर का नेतृत्व मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने किया। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जनसुनवाई, विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार सुनवाई की गई।

150 आवेदन मिले, 108 का मौके पर निराकरण
शिविर में कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पात्र पाए गए 108 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष मामलों के जल्द और समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को प्रकरणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उद्यमियों से संवाद, स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
शिविर के दौरान विधायक प्रदीप पटेल और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्थानीय उद्यमियों से संवाद भी किया। उद्यमियों ने अपने उद्योगों की जानकारी साझा की और उद्योग विस्तार तथा जरूरी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
उद्यमी भारती पटेल ने पेवर ब्लॉक निर्माण, राजेश कुमार गुप्ता ने हार्डवेयर और विवेक केसरी ने प्रिंटिंग प्रेस उद्योग के बारे में जानकारी दी।
विधायक प्रदीप पटेल ने युवाओं से स्वरोजगार और उद्योग स्थापना के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्यमिता को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि उद्योगों के विस्तार के लिए जरूरी विभागीय अनुमतियों और प्रक्रियाओं में प्रशासन समन्वय कर सहयोग करेगा। उन्होंने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान विधायक और कलेक्टर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत राधिका कोल को हितलाभ दिया गया। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत गाड़ा के रामबहोर साहू, ददई कोहार, सावित्री सोनी, श्यामाकली साकेत और मिन्नी वर्मा, चरैया के भाईलाल साकेत और रघुनथिया कोल तथा देवरा की खैरूनिशा अंसारी को लाभान्वित किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
शिविर के बाद विधायक प्रदीप पटेल और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने हनुमना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने बर्थ वेटिंग रूम का भी निरीक्षण किया। यहां गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली गई। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में संचालित अन्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
विधायक और कलेक्टर ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

