महापौर रानी अग्रवाल ने विद्युत व्यवस्था की समीक्षा, बंद स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करने के दिए निर्देश
सिंगरौली में प्रकाश व्यवस्था सुधार को लेकर सख्त हुई महापौर, रानी अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए नियमित निरीक्षण के आदेश
सिंगरौली। नगर पालिक निगम की महापौर रानी अग्रवाल ने शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने वार्डवार स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने और जहां आवश्यकता हो वहां नए प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए।
महापौर ने मुख्य मार्गों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय कॉलोनियों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि रात के समय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं बदलाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शहर के विस्तार को देखते हुए विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को उन क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन कर नए प्राक्कलन यानी एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। जहां नई केबल बिछाने, जर्जर तार बदलने, नए विद्युत पोल लगाने, अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें और हाईमास्ट लगाने की आवश्यकता है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू किया जाए। महापौर ने अधिकारियों को नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण करने और प्रकाश व्यवस्था से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं स्थायी निराकरण के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित विद्युत विभाग के संबंधित उपयंत्री और अधिकारी उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
