MP पुलिस में बड़ा फेरबदल: अंशुमन यादव बने नए ADG इंटेलिजेंस, चंचल शेखर को खेल विभाग की कमान
मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में वरिष्ठ IPS अधिकारियों के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. गृह विभाग ने अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए हैं
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में वरिष्ठ IPS अधिकारियों के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. गृह विभाग ने अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए हैं. आदेश के मुताबिक 1998 बैच के IPS अधिकारी अंशुमन यादव को मध्यप्रदेश का नया ADG इंटेलिजेंस (गुप्तवार्ता) बनाया गया है.

अंशुमन यादव को मिली अहम जिम्मेदारी
अंशुमन यादव इससे पहले खेल और युवक कल्याण विभाग के संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. सरकार ने उन्हें इस पद से हटाकर अब पुलिस मुख्यालय में ADG गुप्तवार्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. इंटेलिजेंस विभाग प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और संवेदनशील मामलों से जुड़ी सूचनाओं के संकलन और विश्लेषण में अहम भूमिका निभाता है. अंशुमन यादव को इसके साथ ही ADG साइबर, पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
ए. साईं मनोहर के रिटायरमेंट से पहले बदलाव
वर्तमान ADG इंटेलिजेंस ए. साईं मनोहर, 1995 बैच के IPS अधिकारी हैं. वे 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं. उनके रिटायरमेंट से दो दिन पहले सरकार ने इंटेलिजेंस विभाग की कमान अंशुमन यादव को सौंपने का फैसला किया है.
चंचल शेखर को खेल विभाग की जिम्मेदारी
वहीं विशेष सशस्त्र बल (SAF) के ADG चंचल शेखर को अब खेल एवं युवक कल्याण विभाग का संचालक बनाया गया है। अंशुमन यादव के स्थान पर उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस महकमे और खेल विभाग में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। नए आदेश के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगा।

