School Roof Collapse : पेशावर में स्कूल की छत गिरने से 29 बच्चों की मौत, 40 से ज्यादा घायल

School Roof Collapse : बताया जा रहा है कि, हादसे में घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। सभी मृतक बच्चों की उम्र लगभग 13 साल या उससे कम बताई जा रही है।

School Roof Collapse : पेशावर में स्कूल की छत गिरने से 29 बच्चों की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Peshawar School Roof Collapse : पेशावर। पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को एक प्राइवेट स्कूल की छत गिरने से 29 लोगों की मौत हो गई। इनमें 28 छात्र और एक महिला टीचर शामिल हैं। सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम बताई जा रही है। यह हादसा दीर कॉलोनी इलाके में हुआ। हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। उनके इलाज के लिए अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। ट्रॉमा वार्ड में डॉक्टरों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में जान गंवाने वालों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और उन्हें हिम्मत देने की प्रार्थना की। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए अधिकारियों को बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गवर्नर ने जांच के आदेश दिए

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी इस त्रासदी पर दुख जताया। उन्होंने मासूम बच्चों की मौत को बेहद दुखद बताया। घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही छत गिरने की घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी और वजह का पता लगाने को कहा।

पिछले छह महीने में चार बड़े हादसे

पाकिस्तान में छत और इमारतें गिरने की घटनाएं अक्सर हो रही हैं। इसकी मुख्य वजह सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल है। जुलाई में उमरकोट में सरकारी स्कूल की दीवार गिरने से तीन बच्चियों की मौत हुई। लाहौर में निर्माणाधीन स्कूल की छत गिरने से एक बच्चे की जान गई। जून में लाहौर के कहना इलाके में ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 बच्चों की मौत हो गई। मई में डेरा गाजी खान में स्कूल की छत गिरने से चार बच्चों की जान चली गई और 20 लोग घायल हुए।