Supreme Court ने राहुल गांधी को लगाई फटकार : कोर्ट परिसर के अंदर नारेबाजी- हंगामा करने पर नोटिस

Supreme Court : सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान अदालत परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा जाए।

Supreme Court ने राहुल गांधी को लगाई फटकार : कोर्ट परिसर के अंदर नारेबाजी- हंगामा करने पर नोटिस

Supreme Court  : नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के नेताओं के सुप्रीम कोर्ट परिसर पहुंचने के दौरान हुई नारेबाजी और कथित हंगामे के मामले में आज सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को फटकार लगाई और इस याचिका पर उन्हें नोटिस जारी किया। याचिका में अदालत परिसर में राजनीतिक प्रदर्शन, नारेबाजी और भीड़ जुटाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिशा-निर्देश तय करने की मांग की गई है।

न्यायिक गरिमा बचाने की मांग

याचिकाकर्ता ने न्यायिक संस्थानों की गरिमा और कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई। सुनवाई के दौरान राहुल गांधी के पहुंचने के वक्त हुई नारेबाजी और हंगामे का मुद्दा उठाया गया। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और सीनियर वकील गौरव भाटिया ने इस मामले को कोर्ट के सामने रखा।

कोर्ट को धमकाने की कोशिश की गई

गौरव भाटिया ने कहा कि कोर्ट परिसर में जो हुआ उससे वकील आहत हैं। 200 वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट को धमकाने की कोशिश की गई। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने दो-टूक कहा कि कोर्ट को कोई धमका नहीं सकता। लोगों बाहर कुछ भी बोलते हैं, लेकिन अदालत में आकर उनकी भाषा बदल जाती है।

विरोध प्रदर्शन को कमजोर बताया

भाटिया के इस दावे पर कि विपक्ष का प्रदर्शन और सुप्रीम कोर्ट मार्च अदालत पर दबाव बनाने का प्रयास था, सीजेआई ने कहा कि ये कमजोर प्रयास हैं। इन पर कोई ध्यान नहीं देता। बाहर वे बयान देते हैं। हम कोई अलग-थलग जगह पर नहीं बैठे हैं, हमें भी चीजों की जानकारी है।

CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान अदालत परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा जाए। 12 अक्टूबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। इस दौरान कई याचिकाएं भी दायर की गई थीं और परिसर में नारेबाजी हुई थी।