राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले कांग्रेस ने खटखटाया डेली कॉलेज का दरवाजा

‘छात्रों की गूंज’ के लिए डेली कॉलेज से मांगा मैदान, राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सबकी नजर

राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले कांग्रेस ने खटखटाया डेली कॉलेज का दरवाजा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले कांग्रेस ने अब डेली कॉलेज का दरवाजा खटखटाया है। 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस की ओर से डेली कॉलेज के प्राचार्य को बाकायदा पत्र भेजकर सिंधिया ग्राउंड, एथलेटिक फील्ड या कोई अन्य खुला मैदान उपलब्ध कराने की मांग की गई है। सीनियर हाईकोर्ट एडवोकेट और डेली कॉलेज के पूर्व छात्र अजय बागड़िया ने यह पत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के अधिकृत प्रतिनिधि के तौर पर लिखा है। 

पत्र में साफ कहा गया है कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम राजनीतिक सभा या रैली नहीं, बल्कि छात्रों के साथ शैक्षणिक संवाद है। अब सबकी नजर डेली कॉलेज प्रबंधन के जवाब पर है कि क्या राहुल गांधी को कॉलेज का मैदान मिलेगा या अनुमति को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा होगा? 

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर तैयारियां तेज

इंदौर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 12 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस अब उपयुक्त स्थल की तलाश में जुटी है। कार्यक्रम में राहुल गांधी के विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करने की संभावना है। इसे देखते हुए कांग्रेस संगठन बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के अनुरूप ऐसे स्थान की तलाश कर रहा है, जहां सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था हो सके।

द डेली कॉलेज इंदौर

कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की निगरानी में स्थानीय स्तर पर तैयारियों को गति दी जा रही है। पार्टी का फोकस कार्यक्रम को युवाओं और विद्यार्थियों के बीच प्रभावी बनाने पर है।

रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित कई विषयों पर चर्चा

राहुल गांधी का इंदौर दौरा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इंदौर प्रदेश का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है और यहां बड़ी संख्या में कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा कोचिंग संस्थान हैं। ऐसे में छात्रों के साथ संवाद के जरिए कांग्रेस युवाओं से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की तैयारी में है।

अजय बागड़िया, सीनियर एडवोकेट इंदौर हाईकोर्ट

कार्यक्रम के दौरान रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, युवाओं के अवसर और लोकतांत्रिक मुद्दों सहित कई विषयों पर चर्चा की संभावना है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर छात्रों और युवाओं में उत्साह है। फिलहाल कार्यक्रम के लिए स्थल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। स्थल तय होने के बाद कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में है।