रीवा में पुलिस की नई पहल: ‘जन चौपाल’ से अब गांव-गांव पहुंचेगी पुलिस
रीवा पुलिस अब गांव-गांव जाकर ‘जन चौपाल’ लगाएगी। लोग अपनी शिकायतें मौके पर सुनवा सकेंगे। साथ ही नशे और अवैध व्यापार के खिलाफ भी कार्रवाई तेज होगी।
मध्य प्रदेश के Rewa संभाग में पुलिस अब नई पहल के साथ लोगों के और करीब आने जा रही है। रीवा जोन के IG गौरव राजपूत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘जन चौपाल’ शुरू करने का ऐलान किया।
IG ने बताया कि अब लोगों को छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस खुद गांवों में जाकर ‘जन चौपाल’ लगाएगी, जहां मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका समाधान किया जाएगा।

नशे के खिलाफ होगी बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। IG के मुताबिक, पिछले एक साल में NDPS एक्ट के तहत 1142 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का असर अब दूसरे राज्यों में भी दिख रहा है और पुलिस लगातार बड़े तस्करों पर कार्रवाई कर रही है।

जनता के बीच बढ़ेगा भरोसा
IG का कहना है कि ‘जन चौपाल’ का मकसद सिर्फ शिकायत सुनना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत करना है। अब हर थाने के कामकाज पर भी वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी नजर रहेगी, ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
पारदर्शिता पर जोर
IG ने यह भी कहा कि CM हेल्पलाइन और बाकी शिकायतों का समाधान अब ज्यादा क्लियर तरीके से किया जाएगा। साथ ही नशीली दवाओं और अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
Saba Rasool 
